रक्सौल में भीषण अगलगी, दो दुकानें जलकर खाक, 20 लाख का नुकसान

घटनास्थल की तस्वीर
Bhelahi Fire news: रक्सौल के भेलाही में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट से दो दुकानों में भीषण आग लग गई. पीड़ित दुकानदारों का 20 लाख का सामान जलकर राख हो गया है.
रक्सौल से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट
Bhelahi Fire news: प्रखंड क्षेत्र के भेलाही-मुसहरवा रोड स्थित दो दुकानों में रविवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया. इस अचानक हुए हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि जब तक इस पर काबू पाया जाता, तब तक दोनों दुकानों का अधिकांश सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था.
अगलगी की चपेट में आई दो दुकानें
पीड़ित दुकानदार ओंकार भारती और उदय पटेल ने आपबीती बताते हुए कहा कि वे रोज की तरह रविवार रात करीब नौ बजे अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे. इसके कुछ ही देर बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें फोन कर दुकानों में आग लगने की सूचना दी. जब तक वे घबराए हुए मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और उसने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था. पीड़ितों के अनुसार, उनकी ’99 बाजार’ और कपड़े की दुकान पूरी तरह जल गई है, जिससे उन्हें करीब 20 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है.
समय पर नहीं पहुंची दमकल की गाड़ी
पीड़ित दुकानदारों ने अग्निशमन विभाग (Fire Department) की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि दमकल की टीम समय रहते मौके पर पहुंच जाती, तो लाखों रुपये का सामान सुरक्षित बचाया जा सकता था. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर जैसे-तैसे आग पर काबू पाया.
शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका
प्राथमिक तौर पर इस भीषण अगलगी का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. इस हादसे के बाद से ही दोनों पीड़ित परिवारों में गहरा सन्नाटा और चिंता का माहौल बना हुआ है.
मुआवजे की मांग
दुकानदारों ने स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी बर्बादी को देखते हुए नुकसान का उचित आकलन किया जाए और उन्हें तत्काल सरकारी मुआवजा दिया जाए.
सीओ ने दिए जांच के निर्देश
वहीं, इस संबंध में अंचलाधिकारी (सीओ) शेखर राज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व कर्मचारियों को तुरंत मौके पर भेजा गया है. प्रभावित स्थल पर हुए नुकसान का सटीक आकलन कराया जा रहा है. अंचल कार्यालय को रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की आपदा राहत राशि और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










