झंझारपुर में 38 लाख की सड़क फिर ध्वस्त, बारिश के बाद तालाब में समाई

तालाब बनी सड़क
मधुबनी के विशौल गांव में 38 लाख की लागत से बनी एक मुख्य सड़क हल्की बारिश के बाद फिर से टूटकर तालाब में समा गई है। इस घटना ने क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और उन्होंने उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
Madhubani News: झंझारपुर प्रखंड की सुखेत पंचायत स्थित विशौल गांव में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं. वार्ड संख्या-4 में बनी मुख्य सड़क शनिवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद फिर कटकर तालाब में समा गई. सड़क ध्वस्त होने से गांव का संपर्क प्रभावित हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
यह भी पढ़ें: लदनियां में 18 से 20 जुलाई तक होगा तीन दिवसीय मिथिला लोक उत्सव
पहले भी 12 दिन में ध्वस्त हुई थी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का निर्माण पूरा होने के महज 12 दिन बाद ही सड़क का हिस्सा तालाब में समा गया था. इसके बाद विभाग ने बांस-बल्ले की पाइलिंग कर अस्थायी मरम्मत कराई थी. शनिवार की बारिश के बाद सड़क में फिर कटाव हो गया.
100 मीटर सड़क हुई ध्वस्त
विशौल गांव के बौआ जी तालाब के पास किशोरी मंडल के घर से हनुमान मंदिर तक लगभग 100 मीटर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
स्थानीय निवासी रमेश कुमार और अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तालाब किनारे रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) नहीं बनाई गई, जिससे सड़क टिक नहीं सकी. उनका कहना है कि निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता बरती गई है.
38 लाख की लागत से बनी थी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य 24 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था और 24 अप्रैल 2026 को पूरा हुआ. इस परियोजना पर लगभग 38 लाख रुपये खर्च किए गए.
आवागमन प्रभावित, जांच की मांग
सड़क टूटने से भारी वाहनों का परिचालन बंद हो गया है. बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है. स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










