झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल में हंगामा, डाटा ऑपरेटर पर चप्पल से मारपीट का आरोप
हंगामा करते लोग | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर रेफरल अस्पताल में सरकारी दवा वितरण को लेकर जमकर हंगामा हुआ. ग्रामीणों ने डाटा ऑपरेटर पर दवा चोरी और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.
Jhanjharpur News: झंझारपुर अनुमंडल रेफरल अस्पताल में बुधवार को सरकारी दवा को लेकर जमकर हंगामा हुआ. कैथिनियां गांव निवासी प्रेम कुमार ठाकुर और अन्य ग्रामीणों ने स्टोर की डाटा ऑपरेटर अनिता कुमारी के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रेम कुमार ठाकुर ने डाटा ऑपरेटर पर सरकारी दवा अपने बैग में ले जाने और पूछताछ करने पर गाली-गलौज व चप्पल से मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं.
आपके शहर में
कुत्ते के काटने पर तीसरा डोज लेने पहुंचे थे प्रेम
प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि उनके बेटे दुर्गेश कुमार ठाकुर को कुत्ते ने काट लिया था. मंगलवार को वह बेटे को एंटी रेबीज वैक्सीन का तीसरा डोज दिलाने के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचे थे.
आरोप है कि काउंटर पर दवा उपलब्ध नहीं होने की बात कही गयी. इसी दौरान प्रेम कुमार ठाकुर ने डाटा ऑपरेटर अनिता कुमारी को अपने बैग में सरकारी दवा रखते हुए देखा. पूछने पर कि इतनी दवा कहां ले जा रही हैं, आरोप है कि अनिता कुमारी ने उनके साथ गाली-गलौज की और चप्पल से मारपीट शुरू कर दी.
वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल पहुंचे ग्रामीण

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को प्रेम कुमार ठाकुर के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे. अमरेश कुमार ठाकुर, नंदकिशोर मिश्र, गोपाल ठाकुर, अमोल ठाकुर, संदीप झा, मोहन मिश्रा, राजू ठाकुर, दीपक झा, बबलू ठाकुर और मनोज झा समेत कई ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मरीजों को सरकारी दवा उपलब्ध नहीं करायी जा रही है, जबकि अस्पताल की दवाओं की कथित तौर पर बाहर सप्लाई की जा रही है. ग्रामीणों ने वीडियो बनाने के कारण मारपीट किये जाने का भी आरोप लगाया.
अस्पताल के गार्ड और दलालों पर भी आरोप
ग्रामीणों ने अस्पताल के गार्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाया. उनका आरोप है कि रेफर किये जाने के बाद कुछ दलाल प्रवृत्ति के कर्मी मरीजों को निजी नर्सिंग होम में ले जाने के लिए बरगलाते हैं.
इस मामले में अस्पताल के डीएस रमन पासवान ने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया.
स्टॉक में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध था: प्रबंधक
अस्पताल प्रबंधक गिरीश कुमार ने स्वीकार किया कि अस्पताल के स्टॉक में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध है. उन्होंने यह भी माना कि डाटा ऑपरेटर द्वारा मरीज के साथ गलत व्यवहार किया गया है.
उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जाएगी. सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद संबंधित कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बुधवार को डाटा ऑपरेटर के ड्यूटी पर नहीं आने के संबंध में अस्पताल प्रबंधक ने बताया कि उन्होंने फोन पर विशेष अवकाश की सूचना दी थी और व्हाट्सएप के माध्यम से आवेदन भेजा है.
यह भी पढ़ें
Benipur News: बंद घर का ताला तोड़कर 20 भर सोने के आभूषण चोरी, पुलिस जांच में जुटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए