मधुबनी में बच्चों की अनोखी पहल, अपने नाम लगाया पौधा
आम का पेड़ लगाते छात्र-छात्रा व शिक्षक | Prabhat Khabar Network
बासोपट्टी के डामू विद्यालय में बच्चों ने अपने नाम से पौधे लगाए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी ली. एक साल तक पौधा सुरक्षित रखने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार मिलेगा.
मधुबनी पौधा रोपण: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देने के लिए उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डामू, बासोपट्टी में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. विद्यालय और जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में बच्चों ने फलदार और फूलदार पौधे लगाए. खास बात यह रही कि प्रत्येक छात्र को अपने नाम से पौधा लगाने और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया गया.
आपके शहर में
पौधे की देखभाल पर मिलेगा पुरस्कार
विद्यालय की विशिष्ट शिक्षिका सोनी कुमारी ने विद्यार्थियों से कहा कि पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित रखते हुए बड़ा करना भी जरूरी है. उन्होंने बताया कि जिस छात्र का लगाया पौधा अगले एक वर्ष तक स्वस्थ और सुरक्षित रहेगा, उसे विद्यालय और जिला गंगा समिति ‘नमामि गंगे’ की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पौधों के प्रति अपनत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है.
बच्चों को बताया पेड़ का महत्व
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. एहसान अहमद ने कहा कि पेड़ हमारे जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं. पेड़ों से शुद्ध हवा, फल, छाया और स्वच्छ वातावरण मिलता है. उन्होंने विद्यार्थियों से पौधरोपण के साथ नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लेने की अपील की.
पर्यावरण संरक्षण में बच्चों की भागीदारी पर जोर
नमामि गंगे के डीपीओ आनंद अंकित ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या सामाजिक संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं है. इसमें हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है. बच्चों का अपने नाम से पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना सराहनीय पहल है. उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण का आधार बनेगा.
विद्यार्थियों ने लिया पौधों की सुरक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ फलदार और फूलदार पौधे लगाए. इसके बाद पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का संकल्प लिया. जिला गंगा समिति की ओर से बताया गया कि जल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. विद्यालयों में बच्चों की भागीदारी के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढे़ं:
मछुआरे ध्यान दें! हादसा हुआ तो मिलेंगे 5 लाख, सरकार खुद भरेगी बीमा का प्रीमियम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए