गलत इंजेक्शन लगने के बाद मरीज की बिगड़ी हालत, डॉक्टर-कर्मी फरार

Updated:
विज्ञापन

हंगामा करते लोग | Prabhat Khabar Network

हटिया गाछी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मरीज की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. गलत इंजेक्शन लगने से 45 वर्षीय मरीज रंजीत पासवान की हालत अचानक बिगड़ गयी, जिसके बाद डॉक्टर और कर्मी मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मरीज को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया है.

विज्ञापन

Jhajharpur News: झंझारपुर हटिया गाछी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान मरीज की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. परिजनों का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगाये जाने के बाद 45 वर्षीय मरीज रंजीत पासवान की हालत अचानक बिगड़ गयी. हंगामा बढ़ने पर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और कर्मी मरीज को छोड़कर मौके से चले गये. घटना शनिवार की बतायी जा रही है.

इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी मरीज की हालत

जानकारी के अनुसार, फुलपरास थाना क्षेत्र के बेलमोहन गांव निवासी रंजीत पासवान को मस्तिष्क संबंधी बीमारी के इलाज के लिए परिजन निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे.

परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान मरीज को इंजेक्शन लगाया गया. इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी. मरीज की हालत देखकर परिजन आक्रोशित हो गये और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया.

परिजनों का आरोप है कि स्थिति बिगड़ने के बाद वहां मौजूद कथित महिला चिकित्सक और अन्य कर्मी मरीज को उसी हालत में छोड़कर चले गये.

पुलिस ने दूसरे अस्पताल में कराया भर्ती

हंगामे की सूचना मिलने पर झंझारपुर के अपर थानाध्यक्ष बिहारी आलम और एसआई ऋचा कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मरीज को एंबुलेंस से सकरी स्थित दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया.

वहां रंजीत पासवान का इलाज चल रहा है. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल में स्थिति शांत हुई.

अपर थानाध्यक्ष बिहारी आलम ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पहले भी निजी अस्पताल में हंगामे का मामला

बताया गया कि कुछ माह पहले ओशो कॉलोनी स्थित बेबी केयर हॉस्पिटल में भी इंजेक्शन देने के बाद मरीज की मौत का मामला सामने आया था. इस घटना के बाद मरीज के परिजनों ने हंगामा किया था. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया था.

अधिवक्ता मुकेश कुमार महतो ने आरोप लगाया कि झंझारपुर के निजी नर्सिंग होम में इलाज से जुड़े ऐसे मामले सामने आते रहते हैं. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाया.

निजी नर्सिंग होम की व्यवस्था पर उठे सवाल

अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि किसी घटना के बाद कुछ दिनों तक स्वास्थ्य विभाग सक्रिय रहता है, लेकिन बाद में मामला शांत हो जाता है. उन्होंने झंझारपुर में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित नर्सिंग होम के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठायी.

हालांकि, इस मामले में निजी नर्सिंग होम की ओर से पक्ष सामने नहीं आया है. पुलिस के अनुसार, लिखित शिकायत मिलने के बाद ही मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें

झंझारपुर में जमीन विवाद को लेकर युवक की चाकू से हत्या, सोते समय घर में घुसकर हमला करने का आरोप


विज्ञापन
संजय कुमार

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन