Madhubani News: महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ राजद का प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मधुबनी समाहरणालय के समक्ष आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल राजद के नेता और कार्यकर्ता
Madhubani News: मधुबनी समाहरणालय के समक्ष राजद ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर एकदिवसीय धरना दिया. नेताओं ने सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी. जानिए खबर विस्तार से...
मधुबनी से नागेंद्र नाथ झा की रिपोर्ट
Madhubani News: राष्ट्रीय जनता दल के आह्वान पर बुधवार को मधुबनी समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, बढ़ते भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
धरना को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता प्रदीप प्रभाकर ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार इन समस्याओं के समाधान के प्रति उदासीन बनी हुई है. उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और महिलाएं तथा बच्चियां भी सुरक्षित नहीं हैं.
रोजगार, शिक्षा और सुशासन की उठाई मांग
राजद नेताओं ने कहा कि युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और सुशासन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर राजद लगातार संघर्ष करता रहेगा.
जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा
जिलाध्यक्ष राम अशीष यादव और वीर बहादुर राय ने कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय जनता दल हमेशा सड़क से सदन तक आवाज उठाता रहेगा.
धरना में महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रेणू यादव, पूर्व विधायक भारत भूषण मंडल, पूर्व मंत्री समीर महासेठ, राम अवतार पासवान, सुरेन्द्र कुमार चौधरी, जिला परिषद सदस्य उमर अंसारी, अजीत नाथ यादव, राजकुमार यादव समेत बड़ी संख्या में राजद नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










