झंझारपुर में केंद्रीय विद्यालय शुरू, नन्हीं सान्वी ने काटा फीता, पहले सत्र में 320 बच्चों का हुआ नामांकन
नन्हीं छात्रा सान्वी कुमारी के हाथों केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन करते डीएम आनंद शर्मा | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर अनुमंडल में लंबे इंतजार के बाद केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ हुआ है. पहले सत्र में बाल वाटिका-1 से पांचवीं कक्षा तक 320 बच्चों का नामांकन हुआ है. यह स्थानीय शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.
मधुबनी: झंझारपुर अनुमंडल के लिए सोमवार का दिन खास रहा. लंबे इंतजार के बाद झंझारपुर में केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ हो गया. बाल वाटिका-1 की नन्हीं छात्रा सान्वी कुमारी के हाथों फीता काटकर विद्यालय का उद्घाटन किया गया. जिलाधिकारी आनंद शर्मा की मौजूदगी में हुए इस आयोजन ने कार्यक्रम को खास बना दिया.
कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद शर्मा के साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय कुमार पांडे और अनुमंडल पदाधिकारी टोनी कुमारी सहित कई अधिकारी व स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा.

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया
डीएम आनंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सिर्फ दो इमारतें नहीं, बल्कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी. उन्होंने बताया कि मधुबनी जिले को दो केंद्रीय विद्यालय मिले हैं. यदि और केंद्रीय विद्यालयों की मंजूरी मिलती है, तो जिले के दूसरे शहरों के लिए भी सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जायेगा.
उन्होंने कहा कि स्कूल सिर्फ चारदीवारी नहीं, बल्कि शिक्षा का मंदिर है. इसी सोच के साथ अब सरकारी स्कूलों को देखा जा रहा है. आने वाले समय में मधुबनी शिक्षा के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल करेगा.
सरकारी स्कूलों में भी लागू होगा केंद्रीय विद्यालय का मॉडल
डीएम ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के मॉडल को जिले के दूसरे सरकारी स्कूलों में भी लागू करने की कोशिश की जायेगी. साथ ही सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जायेगा.

बाल वाटिका-1 से पांचवीं तक शुरू हुई पढ़ाई
केंद्रीय विद्यालय झंझारपुर के पहले शैक्षणिक सत्र की शुरुआत सोमवार 21 सितंबर से हुई. पहले सत्र में बाल वाटिका-1 से लेकर कक्षा पांच तक की पढ़ाई शुरू की गयी है. इन कक्षाओं में कुल 320 बच्चों का नामांकन हुआ है. प्रत्येक कक्षा में 40-40 बच्चों को प्रवेश दिया गया है.
विद्यालय शुरू होने से झंझारपुर अनुमंडल क्षेत्र के बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह है.
अस्थायी परिसर में फिलहाल होगी पढ़ाई
फिलहाल केंद्रीय विद्यालय का संचालन झंझारपुर नगर स्थित प्लस टू केजरीवाल हाई स्कूल परिसर से किया जा रहा है. यहां विद्यार्थियों के लिए आवश्यक फर्नीचर और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं तैयार कर ली गयी हैं. स्थायी भवन तैयार होने तक इसी परिसर से विद्यालय का संचालन होगा.
बेहट मौजा में बनेगा स्थायी परिसर
केंद्रीय विद्यालय के स्थायी भवन के निर्माण के लिए लखनौर अंचल के बेहट मौजा स्थित अदलपुर/परतापुर में जमीन उपलब्ध करायी जा चुकी है. इसी जमीन पर विद्यालय का स्थायी परिसर बनाया जायेगा. अधिकारियों के अनुसार स्थायी भवन के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है.
बच्चों को दरभंगा जाने की जरूरत होगी कम
केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से झंझारपुर अनुमंडल के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दरभंगा समेत दूसरे बड़े शहरों का रुख कम करना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर केंद्रीय विद्यालय की सुविधा मिलने से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और अभिभावकों को भी बच्चों को बाहर भेजने की परेशानी से राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें
झंझारपुर के शिक्षाविद डॉ मनोज कुमार झा सम्मानित, 2005 से शिक्षा के क्षेत्र में दे रहे योगदान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए