झंझारपुर में IDBI ATM की चेस्ट गैस कटर से काटी, 3 लाख लेकर फरार हुए अपराधी
गैस कटर से ATM का चेस्ट काटकर की गयी चोरी | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए IDBI बैंक के ATM को गैस कटर से काटकर 3 लाख 8 हजार रुपये की चोरी कर ली. CCTV फुटेज में चार नकाबपोश दिखे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है.
मधुबनी: झंझारपुर शहर में अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. झंझारपुर मुख्य मार्ग स्थित आईडीबीआई बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर नकाबपोश चोरों ने 3 लाख 8 हजार रुपये की चोरी कर ली. घटना रविवार की देर रात करीब 3:15 बजे की बतायी जा रही है. एटीएम कटिंग कर चोरी की यह झंझारपुर में पहली घटना बतायी जा रही है, जिससे बैंक प्रबंधन के साथ पुलिस महकमे में भी हड़कंप है.
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को ही एटीएम में 7 लाख रुपये डाले गये थे. सोमवार सुबह बैंक खुलने पर बैंक के गार्ड ने एटीएम का शटर उठाया. अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गये. एटीएम का चेस्ट कटा हुआ था और कैश गायब था. तत्काल बैंक प्रबंधक राकेश झा ने झंझारपुर थाना पुलिस को सूचना दी.
CCTV में चार अपराधियों के आने की जानकारी
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष बिहारी आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. बैंक के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया.
बैंक प्रबंधक राकेश झा ने बताया कि फुटेज में दिख रहा है कि चार पहिया वाहन से चार अपराधी आये थे. एक अपराधी बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरा अंदर घुसा. अंदर घुसते ही उसने पहले सीसीटीवी कैमरे पर काला स्प्रे कर दिया, ताकि फुटेज धुंधला हो जाए.
इसके बाद अपराधी ने मुंह पर मास्क और पूरे शरीर को सफेद कपड़े से ढक लिया. फिर गैस कटर से एटीएम का चेस्ट काटकर उसमें रखे 3 लाख 8 हजार रुपये लेकर फरार हो गया.
रात में ATM पर नहीं रहता सुरक्षा गार्ड
बैंक प्रबंधक ने बताया कि ब्रांच में उनके अलावा पांच कर्मी और तीन सुरक्षा गार्ड हैं. हालांकि, एटीएम और ब्रांच के लिए गार्ड केवल दिन में ही तैनात रहते हैं. रात में एटीएम असुरक्षित रहता है.
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे और थानाध्यक्ष से घटना की पूरी जानकारी ली. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के अलावा तकनीकी साक्ष्य और अन्य स्रोतों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है. समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी.
प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बैंक प्रबंधक के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. उन्होंने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है.
मुख्य मार्ग पर वारदात से उठे सवाल
जिस जगह एटीएम स्थित है, वह एनएच-27 से झंझारपुर रेलवे स्टेशन, लखनौर और मधेपुर जाने वाला मुख्य मार्ग है. इस सड़क पर 24 घंटे हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. इसके बावजूद अपराधियों ने वाहन लगाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गये.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए