मधुबनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश

बैठक करते डीएम
Jung
Madhubani News: जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में समारोह स्थल की साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बिजली, पेयजल, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समेत सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी. डीएम ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
समारोह स्थल की तैयारी समय पर पूरी करने का निर्देश
डीएम ने नगर निगम, भवन प्रमंडल, पथ प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, विद्युत विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से समारोह स्थल को आकर्षक और व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया. मंच, टेंट, कुर्सियां, साउंड सिस्टम, जनरेटर, बैरिकेडिंग और रंग-रोगन का काम समय पर पूरा करने को कहा गया.
पुलिस केंद्र परिसर में आवश्यक मरम्मत, रंगाई-पुताई, पेयजल, शौचालय, जलनिकासी और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया.
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रहेगी मजबूत
मुख्य समारोह में वीआईपी दीर्घा, मीडिया गैलरी और आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. इसके साथ पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी.
डीएम ने यातायात नियंत्रण, पार्किंग, वाहनों के प्रवेश-निकास और सुरक्षा घेरे को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया. समारोह स्थल पर चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी.
पुलिस केंद्र में सुबह 9 बजे होगा राष्ट्रीय ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री द्वारा सुबह 9 बजे पुलिस केंद्र में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया जाएगा. इसके बाद समाहरणालय, अनुमंडल कार्यालय, विकास भवन, जिला परिषद, जिला शिक्षा कार्यालय, नगर निगम और नगर थाना समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय के अनुसार ध्वजारोहण होगा.
पुलिस, एसएसबी और एनसीसी की टुकड़ियां करेंगी परेड
बैठक में राष्ट्रीय ध्वज सलामी और परेड की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा हुई. पुलिस बल, बिहार पुलिस, एसएसबी, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड समेत विभिन्न दलों की ओर से परेड की जाएगी.
परेड का पूर्वाभ्यास निर्धारित तिथियों पर कराया जाएगा. इसका निरीक्षण जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं करेंगे. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली परेड टुकड़ियों को पुरस्कृत करने के लिए जिला स्तरीय चयन समिति का गठन किया गया है.
राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी तैयारी
स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगान प्रस्तुति के लिए छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. उनके आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है.
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मंच संचालन की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गयी है. विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों को ई-कार्ड के माध्यम से आमंत्रण भेजने तथा आवश्यकता के अनुसार मुद्रित आमंत्रण पत्र उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया.
तैयारियों की निगरानी के लिए समिति गठित
समारोह स्थल की तैयारियों की नियमित निगरानी के लिए विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की समिति गठित की गयी है. समिति निर्धारित तिथि तक सभी कार्यों की समीक्षा कर उन्हें समय पर पूरा कराएगी.
समारोह की फोटो और वीडियोग्राफी की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी भी संबंधित शाखा को सौंपी गयी है. प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई और माल्यार्पण समेत अन्य व्यवस्थाओं को भी समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम
डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं सम्मान का पर्व है. इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि मधुबनी में स्वतंत्रता दिवस समारोह अनुशासित, भव्य एवं यादगार रूप से संपन्न हो सके.
यह भी पढ़ें: लखनौर के दीप गांव में चर्यागीत पुस्तक का लोकार्पण, डॉ. रामानंद झा रमण ने रखे विचार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










