जेसीबी से खोदे गये गड्ढे में डूबने से युवक की मौत, काफी मशक्कत के बाद बरामद हुआ शव
घटना स्थल के पास जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
बेनीपट्टी के समदा गांव में मवेशी चरा रहे 20 वर्षीय युवक देवचंद्र यादव की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया. इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.
बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के समदा गांव में सोमवार की दोपहर मवेशी चराने गये एक युवक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान समदा गांव के वार्ड 10 निवासी मंगनू यादव के पुत्र देवचंद्र यादव (20) के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद गड्ढे से युवक का शव बरामद किया.
आपके शहर में
मवेशियों को नहलाने के दौरान गहरे पानी में गया युवक
बताया जा रहा है कि देवचंद्र यादव रोजाना की तरह सोमवार को भी सुबह मवेशी चराने के लिए समदा-सोहरौल गांव की सीमा के पास स्थित चौर में गया था. इसी दौरान मवेशियों को नहलाने-धोने के क्रम में वह जेसीबी से खोदकर छोड़े गये गड्ढे के पानी में चला गया.
गड्ढे की गहराई अधिक होने के कारण युवक गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई.

चप्पल और छाता देखकर ग्रामीणों ने शुरू की खोजबीन
काफी देर तक युवक के वापस नहीं लौटने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई. इसी क्रम में गड्ढे के किनारे युवक की चप्पल और छाता पड़ा मिला.
गड्ढे में युवक के डूबने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये. स्थानीय लोगों ने गड्ढे के पानी में उतरकर खोजबीन शुरू की. काफी प्रयास के बाद युवक का शव पानी से बरामद किया गया.
शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम
शव बरामद होने के बाद घटना की सूचना परिजनों को दी गई. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे. शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक की मां समेत सभी परिजन दहाड़ें मारकर रोने-बिलखने लगे.
बताया जा रहा है कि देवचंद्र चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बेनीपट्टी थाना पुलिस को भी दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गई. बताया जा रहा है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.
घटना के बाद समदा गांव समेत आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यह भी पढ़ें
फुलपरास में पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए