नंबर प्लेट हटाकर चला रहे थे चोरी की बाइक, सीट के नीचे से बरामद हुआ देसी कट्टा
चोरी के बाइक व कट्टा मामले के गिरफ्तार आरोपी | Prabhat Khabar Network
रहििका थाना पुलिस ने रात में गश्ती के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है. तलाशी में उनकी बिना नंबर प्लेट की चोरी की यामाहा बाइक और एक देसी कट्टा बरामद हुआ. पूछताछ में उन्होंने बाइक चोरी की बात कबूल की.
मधुबनी: रहिका थाना पुलिस ने रविवार की देर रात वाहन जांच के दौरान बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान उनके पास से बिना नंबर प्लेट की चोरी की यामाहा मोटरसाइकिल और एक देसी कट्टा बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रहिका थाना क्षेत्र के सुगौना कतराही टोल निवासी नवीन कुमार पासवान और ककरौल निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है.
फुहरी-खरौआ मार्ग पर पुलिस कर रही थी गश्ती
एसपी योगेंद्र कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि रविवार की देर रात करीब 2:45 बजे रहिका थाना पुलिस की टीम फुहरी-खरौआ मार्ग पर गश्ती और वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक तेजी से जा रहे हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया.
पूछताछ में कबूली बाइक चोरी
पकड़े गये युवकों के पास मौजूद काले रंग की यामाहा मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे, लेकिन दोनों कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके.
पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि पिछले महीने रहिका से ककरौल जाने वाले रास्ते में एक नाश्ते की दुकान के पास से उन्होंने बाइक चोरी की थी. बाइक की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट खोलकर जला देने की बात भी उन्होंने पुलिस को बतायी.
सीट के नीचे से बरामद हुआ देसी कट्टा
इसके बाद पुलिस ने बाइक की तलाशी ली. इस दौरान सीट के नीचे से एक देसी कट्टा बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए वे कट्टा अपने पास रखते थे.
पुलिस ने चोरी की बाइक और देसी कट्टा जब्त कर लिया है.
प्राथमिकी दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई
मामले में रहिका थाना कांड संख्या 254/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें
मवेशी चराने गये युवक की गड्ढे के पानी में डूबने से मौत, चप्पल-छाता देख ग्रामीणों ने शुरू की खोजबीन
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए