एक दिन के लिए SDM, DCLR और DSP बनीं तीन छात्राएं, फिर जो हुआ वह रहा खास

Updated:
विज्ञापन

बेनीपट्टी एसडीएम कार्यालय प्रकोष्ठ में एसडीएम के पास बैठीं शैडो एसडीएम व डीएसपी

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बेनीपट्टी की तीन छात्राओं को एक दिन के लिए एसडीएम, डीसीएलआर और डीएसपी की भूमिका निभाने का अनूठा अवसर मिला. 'ऑफिसर्स ऑफ द डे' कार्यक्रम के तहत उन्होंने प्रशासनिक कामकाज को समझा और लोगों की समस्याएं सुनीं.

विज्ञापन

Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से अनूठी पहल की गयी. शुक्रवार को बेनीपट्टी की तीन छात्राओं को एक दिन के लिए अधिकारियों के साथ काम करने का अवसर मिला. डीएम की पहल पर आयोजित ऑफिसर्स ऑफ द डे कार्यक्रम के तहत छात्राओं ने अधिकारियों के साथ रहकर प्रशासनिक कामकाज को करीब से समझा और आम लोगों की समस्याओं को सुनने की प्रक्रिया का अनुभव प्राप्त किया.

तीन छात्राओं को बनाया गया शैडो ऑफिसर

जिला प्रशासन के निर्देश के तहत बेनीपट्टी की दीपांशु कुमारी, स्वीटी कुमारी और खुशबू कुमारी को एक दिन के लिए शैडो ऑफिसर के रूप में चयनित किया गया. दीपांशु कुमारी को एसडीएम, स्वीटी कुमारी को डीसीएलआर और खुशबू कुमारी को डीएसपी के साथ रहकर प्रशासनिक कार्य एवं प्रक्रिया समझने का अवसर मिला.

इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उनमें नेतृत्व तथा निर्णय लेने का आत्मविश्वास विकसित करना था.

एसडीएम ने पाग व दुपट्टा पहनाकर किया स्वागत

एसडीएम शारंग पाणि पांडेय ने दीपांशु कुमारी का अपने कार्यालय कक्ष में मिथिला की परंपरा के अनुरूप पाग और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया. उन्होंने छात्रा से बातचीत कर अनुमंडल प्रशासन के कामकाज, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी दी.

दीपांशु ने एसडीएम के साथ रहकर कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर अपनायी जाने वाली प्रक्रिया को समझा.

डीसीएलआर कार्यालय में समझी राजस्व व्यवस्था

डीसीएलआर प्रशांत कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में शैडो डीसीएलआर स्वीटी कुमारी का स्वागत किया. छात्रा ने उनके साथ रहकर राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों की कार्यप्रणाली को समझा.

उन्होंने कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याएं सुनीं और भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों में अधिकारियों की भूमिका और समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की.

शैडो डीएसपी को करना पड़ा इंतजार

वहीं डीएसपी कार्यालय पहुंची छात्रा को संबंधित पदाधिकारी के कार्यालय में मौजूद नहीं रहने के कारण कुछ समय इंतजार करना पड़ा. बताया गया कि शैडो डीएसपी के रूप में नामित छात्रा सुबह करीब 10 बजे कार्यालय पहुंची थी और लगभग दोपहर एक बजे तक बाहर फरियादियों के लिए बनी बेंच पर बैठी रही.

बाद में इसकी जानकारी मिलने पर उन्हें कार्यालय कक्ष में बुलाया गया. इसके बाद छात्रा से बातचीत कर पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गयी.

छात्राओं में दिखा उत्साह

पूरे कार्यक्रम के दौरान तीनों छात्राओं ने अधिकारियों के साथ रहकर आम लोगों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए अपनायी जाने वाली प्रशासनिक प्रक्रिया को समझा.

पहली बार प्रशासनिक व्यवस्था को इतने करीब से देखने का अवसर मिलने पर छात्राओं में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली. छात्राओं ने कहा कि इस तरह की पहल से उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने और अधिकारियों की जिम्मेदारियों को करीब से जानने का अवसर मिला है.

यह भी पढ़ें

Madhubani News: डीएम की पहल पर जिले में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा


विज्ञापन
Dhananjay Kumar Dhir

लेखक के बारे में

By Dhananjay Kumar Dhir

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन