Benipatti News: साइंस लैब निर्माण में अनियमितता का आरोप, घटिया सामग्री इस्तेमाल करने की शिकायत

बेनीपट्टी के श्री लीलाधर उच्च विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन साइंस लैब
बेनीपट्टी के स्कूलों में निर्माणाधीन साइंस लैब की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों ने घटिया सामग्री के इस्तेमाल और मानकों की अनदेखी का गंभीर आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने इस मामले में तत्काल निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
Benipatti News: अनुमंडल मुख्यालय स्थित श्री लीलाधर उच्च विद्यालय और परियोजना बालिका उच्च विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन साइंस लैब की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
घटिया सामग्री और मानकों की अनदेखी का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में तीसरे दर्जे की ईंटों का उपयोग किया जा रहा है. साथ ही भवन के पिलरों का आकार मानक के अनुरूप नहीं है और उनमें अपेक्षाकृत कम सरियों का इस्तेमाल किया जा रहा है. यह भी आरोप है कि भवन के निचले हिस्से में डीपीसी नहीं की गई है तथा पिलरों की नींव भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं बनाई गई है.
आठ विद्यालयों में बन रही हैं साइंस लैब
जानकारी के अनुसार, बेनीपट्टी उच्च विद्यालय परिसर में करीब 20 लाख रुपये की लागत से तीन कमरों वाली साइंस लैब का निर्माण कराया जा रहा है. बेनीपट्टी प्रखंड के आठ विद्यालयों सहित मधुबनी जिले के 85 विद्यालयों में साइंस लैब निर्माण की जिम्मेदारी रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड को दी गई है. इन विद्यालयों में श्री लीलाधर उच्च विद्यालय, परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, सीता मुरलीधर उच्च विद्यालय बसैठ, एमएससी उच्च विद्यालय लोहा, उच्च विद्यालय एकतारा, श्री बच्चा झा उच्च विद्यालय अरेर, श्री जगदीश उच्च विद्यालय धकजरी और पलटू लोरिक उच्च विद्यालय तिसियाही शामिल हैं.
राज्यभर में चल रही है लैब निर्माण योजना
बिहार सरकार राज्य के 10 हजार से अधिक सरकारी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की आधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित करा रही है. योजना के तहत पूरे राज्य में 3,478 फिजिक्स, 3,508 केमिस्ट्री और 3,545 बायोलॉजी लैब के निर्माण का प्रस्ताव है.
डीईओ बोले- होगी जांच, दोषियों पर कार्रवाई
जिला शिक्षा पदाधिकारी अक्षय पांडेय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अनियमितता के आरोपों की जांच कराई जाएगी. जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










