मंजौरा मुख्य बाजार में जलजमाव से लोगों की बढ़ी परेशानी

अनुमंडल क्षेत्र के मंजौरा मुख्य बाजार में जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों व राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के मंजौरा मुख्य बाजार में जलजमाव की समस्या से स्थानीय लोगों व राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. करीब पांच-छह दिन पहले हुई बारिश के बाद भी बाजार की मुख्य सड़क पर जमा पानी अब तक नहीं निकल पाया है. इसके बाद बहुत कम बारिश होने के बावजूद सड़क पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. मंजौरा बाजार होकर गुजरने वाला यह मुख्य मार्ग उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय व बिहारीगंज थाना क्षेत्र को जोड़ता है. प्रतिदिन इस सड़क से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन व आम लोग गुजरते हैं. लेकिन सड़क पर पानी जमा रहने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है. खासकर बाइक, साइकिल एवं पैदल चलने वाले लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बाजार में हल्की बारिश के बाद भी पानी जमा हो जाता है. सड़क पर बने गड्ढे पानी में छिप जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. वहीं दुकानदारों को भी ग्राहकों के आने-जाने में कठिनाई हो रही है. ग्रामीणों ने बताया कि यदि प्रशासन या स्थानीय जनप्रतिनिधि थोड़ी पहल करें तो पश्चिम अथवा पूर्व दिशा में पानी निकासी की व्यवस्था कर समस्या का समाधान किया जा सकता है. साथ ही सड़क की हल्की मरम्मत से भी लोगों को राहत मिल सकती है. लेकिन अब तक इस ओर किसी प्रकार की ठोस पहल नहीं की गई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से अविलंब जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बाजार क्षेत्र में लोगों को हो रही परेशानी से निजात मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










