जल निकासी नहीं होने से सिंहेश्वर-सुपौल मुख्य सड़क बनी हादसों का रास्ता, हर दिन पलट रहे ई-रिक्शा
जलजमाव से गड्ढों में तब्दील हुई सिंघेश्वर-सुपौल मुख्य सड़क.
Road Safety Issue : सिंहेश्वर प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था के कारण सिंहेश्वर-सुपौल मुख्य मार्ग पर श्री कृष्णा ढाबा के पास गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं. ई-रिक्शा चालक और यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है, कई बार ई-रिक्शे पलट चुके हैं.
Road Safety Issue : सिंहेश्वर प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को रोज भुगतना पड़ रहा है. हल्की बारिश होते ही सिंहेश्वर-सुपौल मुख्य मार्ग पर भागवत चौक स्थित श्री कृष्णा ढाबा से पश्चिम तक सड़क जलजमाव की चपेट में आ जाती है. कई दिनों तक पानी जमा रहने से सड़क की परत उखड़ चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं. यह सड़क अब लोगों की सुविधा के बजाय खतरे का कारण बनती जा रही है.
हर दिन हो रहे हादसे, सबसे ज्यादा परेशान ई-रिक्शा चालक
सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. इसका नतीजा यह है कि छोटी-बड़ी गाड़ियां आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रही हैं. सबसे अधिक परेशानी ई-रिक्शा चालकों और यात्रियों को उठानी पड़ रही है. कई बार ई-रिक्शा गड्ढों में असंतुलित होकर पलट जाते हैं, जिससे चालक और सवार घायल हो जाते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर सुरक्षित सफर करना अब चुनौती बन गया है.
स्कूली बच्चों और बाइक सवारों पर सबसे बड़ा खतरा
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और मोटरसाइकिल चालक गुजरते हैं. जलजमाव और गड्ढों के कारण बच्चों का फिसलकर गिरना तथा बाइक चालकों का संतुलन बिगड़ना आम बात हो गई है. लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह सड़क किसी हादसे का इंतजार करती नजर आती है. कई अभिभावकों ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि कई बार इस समस्या की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला. लोगों का मानना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
जल निकासी और सड़क मरम्मत की उठी मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अविलंब जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है और प्रतिदिन हजारों लोग इसका उपयोग करते हैं. ऐसे में सड़क को सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By डिक्सन राज
डिक्सन राज प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गम्हरिया (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










