बभनी पंचायत सहयोग शिविर में 37 आवेदन पहुंचे, 21 मामलों का मौके पर हुआ समाधान

Updated:
विज्ञापन

बभनी पंचायत भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की समस्याएं सुनते एवं आवेदन प्राप्त करते अधिकारी.

Sahyog Shivir Camp: सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बभनी पंचायत भवन परिसर में आयोजित सहयोग शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. शिविर में प्राप्त 37 आवेदनों में से 21 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया.

विज्ञापन

गम्हरिया से कुमार आशीष की रिपोर्ट:

Sahyog Shivir Camp: प्रखंड मुख्यालय स्थित बभनी पंचायत भवन परिसर में मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे. इस दौरान कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 21 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया.

बीडीओ ने योजनाओं की दी जानकारी

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी शाएक आलम उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर के नजदीक ही करना है, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं और शिविर के लाभों की जानकारी भी दी.

स्वच्छता कर्मियों ने सुनाई परेशानी

शिविर के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने अपनी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं. उन्होंने बताया कि पंचायत में 28 स्वच्छता कर्मियों की बहाली हुई थी, जिनमें से 14 कर्मियों का नाम सूची से हटा दिया गया. साथ ही एक वर्ष से किसी भी कर्मी को मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. इससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने स्वच्छता कर्मियों को जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया.

स्ट्रीट लाइट और अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा

सरपंच राजेश कुमार उर्फ राजा झा ने पंचायत की सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने, स्वास्थ्य केंद्र की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और उसकी चहारदीवारी निर्माण की मांग की. उन्होंने निजी भवन में संचालित डाकघर को सरकारी भवन में स्थानांतरित करने का भी आग्रह किया.

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

शिविर में समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. इनमें अंचलाधिकारी स्नेहा सागर, पंचायती राज पदाधिकारी शुभम कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी विक्की कुमार, कृषि पदाधिकारी ज्योति कुमारी, श्रम पदाधिकारी अनीस कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नवल किशोर सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन