मधेपुरा में सब्जी खरीदने निकले युवक की मौत, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 31 May 2026 10:52 AM

विज्ञापन

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

Road Accident In Madhepura: घर से बाजार के लिए निकला था 28 वर्षीय युवक, कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गई खुशियां

विज्ञापन

Road Accident In Madhepura: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. बुधामा-आलमनगर मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. युवक घर से सब्जी खरीदने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं. घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सब्जी खरीदने निकला था, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार बुधामा पंचायत के वार्ड संख्या 3 स्थित बसनबारा गांव निवासी मिथुन कुमार शनिवार की शाम स्थानीय बाजार जाने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान बुधामा-आलमनगर मुख्य पथ पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार काफी तेज थी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

हादसे की जानकारी मिलते ही बुधामा पुलिस कैंप प्रभारी विक्की रविदास और दारोगा पूर्ण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ग्रामीणों के अनुसार मिथुन कुमार मेहनतकश युवक थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे. उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों के विलाप से पूरा गांव गमगीन है.

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचने लगे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी.

तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि बुधामा-आलमनगर सड़क पर तेज रफ्तार ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहन लगातार दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है.

लोगों ने प्रशासन से सड़क पर प्रभावी निगरानी और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन