मुरलीगंज गोलीकांड में घायल युवक की मौत, पत्नी के बयान पर हत्या का केस; छह आरोपितों की तलाश तेज

Author Sanjay kumar|Edited by Pintu Pranav
Updated:
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान हुई मौत चंद घंटे ही जिंदा रहा माथे में लगी थी गोली

मधेपुरा के मुरलीगंज में गोलीबारी की घटना में घायल हुए 24 वर्षीय दिलखुश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पत्नी के बयान पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Madhepura Murder: मुरलीगंज (मधेपुरा) थाना क्षेत्र के दीनापट्टी सखुआ पंचायत में बुधवार शाम बदमाशों की गोली से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान सखुआ वार्ड संख्या-10 निवासी फूलचंद पासवान के 24 वर्षीय पुत्र दिलखुश कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पत्नी के बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज

मृतक की पत्नी लवली देवी के फर्द बयान पर पुलिस ने पोखराम निवासी बोआ यादव समेत दो नामजद और चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

घर से 50 मीटर दूर नहर किनारे मारी गई गोली

Madhepura Murder: जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम बदमाश दीनापट्टी सखुआ पंचायत स्थित नहर के पास पहुंचे और घर से महज 50 मीटर की दूरी पर दिलखुश कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पत्नी ने लगाया मारपीट के बाद गोली मारने का आरोप

लवली देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना से पहले पांच-छह लोग उनके घर पहुंचे और दिलखुश के बारे में पूछताछ की. परिजनों ने बताया कि वह नहर की ओर गया है. इसके बाद सभी आरोपी वहां पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद पहले मारपीट की गई और फिर गोली मार दी गई. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए.

घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पूर्व में स्मैक से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल गया था और कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था. पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है.

Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल

Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन