उदाकिशुनगंज में छात्रों का आक्रोश मार्च, शिक्षा मंत्री का पुतला फूंककर जताया विरोध

आक्रोश मार्च एवं पुतला दहन करते छात्र-युवा | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज में छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला. प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर इस्तीफे की मांग की.
Madhepura Protest: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज में रविवार की संध्या छात्रों और युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आक्रोश मार्च निकाला. बैंक चौक से शुरू हुआ मार्च मुख्य बाजार होते हुए चौसा चौक पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंककर उनके इस्तीफे की मांग की.
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, कथित पेपर लीक की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की. इस दौरान छात्रों के हितों की रक्षा और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने को लेकर नारेबाजी की गई.
कथित पेपर लीक पर जताया विरोध
प्रदर्शन में शामिल लोगों का आरोप था कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है. उन्होंने परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की.
सोनम वांगचुक के समर्थन में भी प्रदर्शन
Madhepura Protest: प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को कथित रूप से पुलिस द्वारा हटाए जाने का भी विरोध किया. उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए.
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
दुर्गानंद यादव उर्फ दुर्गा यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है. युवा समाजसेवी रवि राय ने कहा कि देश का युवा अब शिक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा. वहीं युवा नेता नीतीश राणा ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.आक्रोश मार्च में वरुण विराज, जितेंद्र यादव, समरेंद्र कुमार, रवि यादव, लालू यादव, तनवीर आलम, सौरव चौधरी, उजागर कुमार, अली अकबर, श्रवण यादव, विष्णु राज, मयंक यादव, बाबुल यादव, हरि यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौनैन वशीर
कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










