मधेपुरा में ट्रैक्टर से घिसटती सरिया और जर्जर सड़क ने बढ़ाया खतरा, बाजार मार्ग पर हर दिन दहशत

Published by : Pratyush Prashant Updated At : 03 Jun 2026 11:39 AM

विज्ञापन

बाजार मार्ग पर ट्रैक्टर से घिसटती छड़ बनी खतरा

Madhepura News : शहर के व्यस्त बाजार मार्ग पर इन दिनों दोहरी समस्या लोगों की चिंता बढ़ा रही है. एक ओर ट्रैक्टरों से लंबी लोहे की सरिया को सड़क पर घसीटते हुए ले जाया जा रहा है, तो दूसरी ओर जर्जर सड़क हादसों को न्योता दे रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती है.

विज्ञापन

मधेपुरा से अमन श्रीवास्तव की रिपोर्ट

Madhepura News : मधेपूरा शहर के सबसे व्यस्त बाजार मार्ग पर इन दिनों दोहरी मुसीबत ने दस्तक दी है. एक तरफ जहां बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के ट्रैक्टर ट्रॉलियों से बाहर निकली लोहे की लंबी छड़ें (सरिया) सड़क पर खुलेआम घिसटती हुई दौड़ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ गड्ढों में तब्दील हो चुकी मुख्य सड़क इस खतरे को कई गुना बढ़ा रही है. यह लापरवाही किसी भी वक्त मधेपुरा में एक बड़े हादसे की वजह बन सकती है.

मार्केट रोड पर मौत का सामान बन रही घिसटती सरिया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई ट्रैक्टर चालक बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के सरिया को ट्रॉली से बाहर निकालकर ले जाते हैं. सरिया का एक हिस्सा सड़क पर घिसटता रहता है. बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में यह स्थिति बेहद खतरनाक मानी जा रही है. बाइक सवारों, साइकिल चालकों और पैदल राहगीरों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है. पीछे से आने वाले वाहन चालकों को भी सड़क पर घिसटती सरिया का अंदाजा नहीं लग पाता.

बारिश में और बढ़ेगा संकट

बाजार की मुख्य सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है. कई हिस्सों में गड्ढे बन गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाएगा और सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देगी. ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाएगा.

स्थानीय निवासी बंटी सिन्हा बताते हैं कि खराब सड़क पर भारी वाहन अक्सर असंतुलित हो जाते हैं. यदि ऐसे वाहन सरिया जैसी लंबी सामग्री लेकर चल रहे हों तो दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है.

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सुबह और शाम बाजार में सबसे अधिक भीड़ रहती है. इसी दौरान ट्रैक्टरों की आवाजाही से लोगों में डर का माहौल बना रहता है. कई बार चालकों को समझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ.

सामाजिक कार्यकर्ता ध्यानी यादव ने कहा कि ट्रैफिक नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है. प्रशासन को नियमित जांच अभियान चलाकर असुरक्षित तरीके से सामग्री ढोने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करनी चाहिए. साथ ही बाजार मार्ग की मरम्मत भी जल्द करानी चाहिए.

लोगों की उम्मीद, कब मिलेगी सुरक्षित सड़क?

स्थानीय लोगों का मानना है कि सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और खराब सड़क की तत्काल मरम्मत हो. लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द कदम उठाएगा ताकि बाजार मार्ग फिर से सुरक्षित और सुगम बन सके.

Also Read: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन