पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर फायरिंग, गार्ड घायल; प्रतिद्वंद्वी संस्थान पर जताया शक
Published by : Anant Narayan Shukla Updated At : 03 Jun 2026 6:34 AM
कोचिंग के बाहर फायरिंग के बाद खान सर ने सुरक्षा की मांग की.
Khan Sir Coaching Patna Firing: पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है. हमले में एक सुरक्षा गार्ड घायल हुआ है. पुलिस जांच में जुटी है, जबकि खान सर ने एक नजदीकी कोचिंग संस्थान पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
Khan Sir Coaching Patna Firing: पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार को चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. घटना में एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की सूचना है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.
पहले मारपीट, फिर फायरिंग की घटना
जानकारी के मुताबिक, कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद के दौरान गोली चलने की घटना सामने आई. इस दौरान सुरक्षा गार्ड को चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पटना के पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह मारपीट से जुड़ा मामला प्रतीत होता है और घायल गार्ड का बयान दर्ज किया जा रहा है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की खबर मिलते ही पटना के एसएसपी, एसपी और कई पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई और मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र करने शुरू कर दिए हैं.
खान सर ने लगाया प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान पर आरोप
घटना के बाद खान सर भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए आशंका जताई कि इसके पीछे किसी प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान का हाथ हो सकता है. उन्होंने कहा, ‘क्लासें खत्म हो चुकी थीं. बिहार पुलिस भर्ती का परिणाम आया था और हजारों छात्र चयनित हुए थे. हम लोग थके हुए थे. तभी कुछ असामाजिक तत्व आए, उन्होंने हमें धमकाना शुरू कर दिया और गार्डों के साथ मारपीट की. ऐसा लगता है कि उनका संबंध कोचिंग संस्थानों से है. वे हमारी कम फीस से परेशान हैं. मेरा मानना है कि गरीबों को भी पढ़ने का अधिकार है.’
खान सर ने कहा कि गरीब छात्रों को भी अच्छी शिक्षा पाने का अधिकार है और जब किसी संस्थान से बड़ी संख्या में परिणाम आते हैं तो कुछ असामाजिक तत्व खुद को असुरक्षित महसूस करने लगते हैं. उन लोगों की पहचान कर ली गई है. मुझे सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन यह प्रशासन पर निर्भर करता है. सीसीटीवी फुटेज प्रशासन को सौंप दी गई है.
देखें उनका पूरा बयान-
कार्यालय में तोड़फोड़ का भी आरोप
खान सर ने दावा किया कि हमलावरों ने उनके कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और इसके बाद गोलीबारी की. उन्होंने बताया कि घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है.
उनका कहना है कि घायल सुरक्षा गार्ड ने भी कथित तौर पर हमलावरों की पहचान कर ली है. खान सर ने आरोप लगाया कि पास में संचालित एक कोचिंग संस्थान से जुड़े लोग इस घटना में शामिल हो सकते हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि पहले उनके संस्थान को उड़ाने जैसी धमकियों का जिक्र किया गया था.
ये भी पढ़ें:- बिहार में राजभवन का बड़ाफैसला: विश्वविद्यालयों में अब नहीं होगी PAT परीक्षा, UGC NET स्कोर पर मिलेगा PhD में एडमिशन
ये भी पढ़ें:- बिहार में जून में होगी शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग, सीएम सम्राट ने दिया आदेश
पुलिस कर रही है सभी पहलुओं की जांच
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घायल गार्ड और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










