अरसंडी गांव में बहू ने सास की पीट-पीटकर हत्या की, आरोपित गिरफ्तार
Published by : Kumar Ashish Updated At : 29 May 2026 6:16 PM
प्रखंड अंतर्गत घोषई पंचायत अंतर्गत अरसंडी गांव में शुक्रवार को घरेलू व जमीन विवाद को लेकर एक बहू द्वारा अपनी वृद्ध सास की पीट-पीटकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
चौसा. प्रखंड अंतर्गत घोषई पंचायत अंतर्गत अरसंडी गांव में शुक्रवार को घरेलू व जमीन विवाद को लेकर एक बहू द्वारा अपनी वृद्ध सास की पीट-पीटकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बहू को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान स्व पुलकित यादव की 68 वर्षीया पत्नी प्रमिला देवी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि परिवार में लंबे समय से जमीन व संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था. ग्रामीणों के अनुसार, प्रमिला देवी अपने बड़े बेटे रघुनंदन यादव के परिवार के पास अधिक रहती थी व उनकी देखरेख भी मुख्य रूप से बड़े बेटे, बड़ी बहू राधा देवी व बेटी-दामाद द्वारा की जाती थी. इसी बात को लेकर छोटे बेटे के परिवार में अक्सर नाराजगी बनी रहती थी. ग्रामीणों का कहना है कि प्रमिला देवी ने अपने जीवनकाल में ही जमीन का बंटवारा कर दिया था, लेकिन छोटी बहू रंजना देवी को यह संदेह रहता था कि सास ने अधिक संपत्ति बड़े बेटे के नाम कर दी है. इसी को लेकर परिवार में समय-समय पर विवाद होता रहता था. हालांकि, पूर्व में कई बार स्थानीय ग्रामीणों व पंचों द्वारा पंचायत कर मामले को शांत करा दिया गया था. बताया जाता है कि घटना के दिन घर में बातचीत के दौरान सास प्रमिला देवी व छोटी बहू रंजना देवी के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान रंजना देवी ने अपनी सास को जोर से धक्का दे दिया, इससे वह जाकर घर के एक पिलर से टकरा गयीं. जब प्रमिला देवी संभलकर खड़ी हुईं, तभी आरोपित बहू ने उनके सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया, इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर पड़ीं. घटना के बाद परिवार के लोग व ग्रामीण आनन-फानन में प्रमिला देवी को इलाज के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया व गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. घटना के बाद मृतका की बड़ी बहू रघुनंदन यादव की पत्नी राधा देवी ने चौसा थाना में आवेदन देकर अपनी छोटी बहू, तूफानी यादव की पत्नी रंजना देवी को हत्या का मुख्य अभियुक्त बनाया है. आवेदन में सास के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया गया है. सूचना मिलते ही चौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेज दिया. बताया गया कि घटना के समय मृतका के दोनों पुत्र रोजी-रोटी कमाने के लिए छत्तीसगढ़ गए हुए थे. घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों के घर लौटने की तैयारी की जा रही है. इधर, चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य अभियुक्त रंजना देवी को गिरफ्तार कर लिया व उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










