सात निश्चय ने बदली महादलित टोले की तसवीर

Published at :12 Dec 2016 7:02 AM (IST)
विज्ञापन
सात निश्चय ने बदली महादलित टोले की तसवीर

खुशखबरी. सीएम के कार्यक्रम से पहले पंचायत में दिखने लगा है विकास, अधिकारी कर रहे कैंप अब सुखासन में बह रही है विकास की बयार जमीन पर उतरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय से जुड़ी योजनाएं मधेपुरा : निश्चय यात्रा के दौरान 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मधेपुरा में आगमन होगा. मुख्यमंत्री […]

विज्ञापन

खुशखबरी. सीएम के कार्यक्रम से पहले पंचायत में दिखने लगा है विकास, अधिकारी कर रहे कैंप

अब सुखासन में बह रही है विकास की बयार
जमीन पर उतरी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय से जुड़ी योजनाएं
मधेपुरा : निश्चय यात्रा के दौरान 16 दिसंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मधेपुरा में आगमन होगा. मुख्यमंत्री के निश्चय यात्रा का सबसे अधिक असर सदर प्रखंड के सुखासन पंचायत स्थित वार्ड नंबर सात नया नगर महादलित टोले में दिख रहा है. मुख्यमंत्री के सात निश्चय ने नयानगर महादलित टोले की तसवीर बदल कर रख दी है. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से अब पूरे पंचायत में विकास दिखने लगा है. सुखासन पंचायत के वार्ड नंबर सात के महादलित टोले में देखते ही देखते हर घर नल, हर घर जल, हर घर बिजली व हर घर व हर गली नाली को बना कर पक्की सड़क से जोड़ा जा रहा है.
स्थिति यह है कि जारी विकास कार्यों के कारण 24 घंटे यहां संबंधित कर्मियों और पदाधिकारियों ने डेरा डाल रखा है. पंचायत के मुखिया कमलेश्वरी प्रसाद सिंह मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने के लिए दिन रात जुटे है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सारा गांव सजधज कर तैयार हो रहा है. सुखासन में हर तरफ उत्सव जैसा माहौल है. ग्राम पंचायत के मुखिया के साथ-साथ पूरा गांव मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारी अभी से कर रहा है. सुखासन में मुख्यमंत्री का स्वागत मिथिला के परंपरागत रिति रिवाज के साथ किया जायेगा. मुखिया चादर व पाग पहनाकर उन्हें सम्मानित करेंगे.
मुख्यमंत्री के सात निश्चय का दिख रहा असर
मुख्यमंत्री के सात निश्चयों का सुखासन पंचायत के वार्ड संख्या सात में सबसे पहले कार्यान्वयन हो रहा है. इससे पहले महादलितों के वार्ड में सामान्य सुविधाओं का भी अभाव था, लेकिन सीएम के निरीक्षण के लिए सुखासन पंचायत के वार्ड नंबर सात पर फोकस कर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी. इसके लिए डीएम मो सोहैल व उपविकास आयुक्त मिथिलेश कुमार ने इस टोले का बार बार निरीक्षण कर योजनाओं को पूर्ण करने को तत्पर रहे. इसका प्रतिफल अब दिखने लगा है. इस क्रम में यहां अब तक 126 परिवारों को शौचालय मुहैया कराया गया है. वहीं अस्सी घरों में हर घर नल योजना के तहत पानी का टोटी लगा दिया गया है.
इसके लिए वहीं पानी का टैंक भी बनाया जा रहा है. आठ सौ फीट लंबी सड़क व उसके बगल से हर घर नल का जल के तहत पाइप बिछाया गयी है. विद्युत विभाग सभी घर में कनेक्शन देने के लिए लगातार कैंप कर रहा है. अब तक एक सौ से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया जा चुका है. वार्ड नंबर सात के अलावे पूरे पंचायत में विद्युत विभाग द्वारा सात नये ट्रांसफरमर लगाये गये है. वहीं पर्यावरण संरक्षण के तहत एक हजार से अधिक पौधारोपन किया गया है. बताया जा रहा है कि महादलित बहुल इस वार्ड में सीएम अपनी यात्रा के दौरान खुले से शौचमुक्त होने की घोषणा करेंगे.
हर घर नल का पानी योजना के तहत वार्ड नंबर सात में बोरिंग गाड़ा जा चुका है और पाइप लाइन बिछाकर घर-घर नल का जल पहुंचाने के लिए पीएचइडी विभागीय कर्मी दिन रात काम कर रहे हैं. संभावना जतायी जा रही है कि जल्द ही कार्य पूरा हो जायेगा. प्राथमिक तौर पर अभी वार्ड सात की मुख्य गली की ढलाई हो चुकी है और यहां नाली बनाने का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है. छोटी-छोटी गली में भी मिट्टी भरा जा रहा है, ताकि बाद में इसकी ढलाई हो सके. ग्रामीण विद्युतीकरण का कार्य पंचायत में दिसंबर तक पूरा होना है, लेकिन अभी वार्ड संख्या सात में पूर्ण विद्युतीकरण कर घर-घर बिजली आपूर्ति करने का काम जारी है. इसके अलावे सुखासन पंचायत में खासकर वार्ड संख्या सात में घर घर शौचालय बनाने की योजना लगभग मू‌र्त्त रूप ले चुकी है. पंचायत के 321 शौचालयों के निर्माण की प्रक्रिया तेज है. वार्ड सात में 143 लाभुकों के शौचालय बनाये जा चुके हैं, लेकिन 19 शौचालय जो बाद में शुरू किये गये हैं, वे निर्माणाधीन हैं. शौचालय निर्माण के मामले में बड़ी समस्या यह है कि पूर्व में जिन 289 लाभुकों को कोसी पुनर्वास योजना से आवास निर्माण के लिए राशि मिली, उनमें आठ हजार रुपये शौचालय के लिए भी था, लेकिन इन लाभुकों ने शौचालय नहीं बनाये. इसी प्रकार इंदिरा आवास के 113 लाभुकों ने शौचालय नहीं बनाये.
सात निश्चत योजना की करेंगे समीक्षा
इस यात्रा में सीएम सात निश्चय योजनाओं से संबंधित प्रगति, शराब बंदी, लोक शिकायत निवारण अधिकार कानून के क्रियान्वयन व धान अधिप्राप्ति की समीक्षा करेंगे. दस बजे से साढ़े बारह बजे दिन जहां सीएम निरीक्षण व स्थल भ्रमण करेंगे, वहीं साढ़े बारह से दो बजे तक स्टेडियम में चेतना सभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद साढ़े चार से साढ़े छह बजे संध्या तक जिला मुख्यालय के सभा कक्ष में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे. सीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा तैयारी की जा रही है. इस क्रम में डीएम मो सोहैल व एसपी विकास कुमार ने बीएन मंडल स्टेडियम पहुंच कर चेतना सभा के लिए जारी तैयारी का जायजा लिया. वहीं चेतना सभा के दौरान आम लोगों के साथ साथ जिलों की जीविका समूह की महिलाएं व शराब बंदी अभियान से जुड़े लोग भाग लेंगे. मुख्यमंत्री बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार कानून के तहत प्रगति की समीक्षा करेंगे.
डीआरसीसी का सीएम करेंगे निरीक्षण
चकाचक विशालकाय हॉल और उनमें सजी स्टील की कुर्सियां. बड़ी सी एलइडी स्क्रीन पर बारी-बारी से टोकन नंबर और उनके साथ काउंटर संख्या के डिस्प्ले होने पर वेटिंग लाउंज, लेकिन पहुंच पथ के अभाव में डीआरसीसी अधूरा था. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पहुंच पथ की ढलाई हो गयी. नीतीश कुमार के सात निश्चय के तहत ‘आर्थिक हल युवाओं को बल’ के अंतर्गत इस केंद्र पर युवाओं को अंगरेजी भाषा के ज्ञान के साथ-साथ कंप्यूटर साक्षर करना और बेहतर मानव संसाधन के तौर पर विकसित करना है. मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान इस केंद्र का निरीक्षण कर सकते हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन