लखीसराय में आज चिलचिलाती गर्मी के बीच आंधी-तूफान का अलर्ट, दोपहर में 36 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 01 Jun 2026 8:08 AM
सांकेतिक तस्वीर
Weather Alert Lakhisarai: लखीसराय में मौसम का डबल अटैक, धूप भी सताएगी और शाम को चल सकती हैं 70 किमी रफ्तार की हवाएं
लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट
Weather Alert Lakhisarai: लखीसराय में सोमवार का मौसम लोगों की परीक्षा लेने वाला है. सुबह से ही तेज धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं और दोपहर तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने जिले में आंधी-तूफान, मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका जताई है. ऐसे में लोगों को गर्मी और खराब मौसम दोनों से सतर्क रहने की जरूरत है.
सुबह से ही तपने लगा शहर
सोमवार की सुबह लखीसराय में सूरज की तेज किरणों के साथ हुई. सुबह छह बजे से ही धूप की तीव्रता महसूस की जाने लगी. मौसम विभाग के अनुसार रोहिणी नक्षत्र के प्रभाव के कारण दिनभर तेज गर्मी बनी रहेगी. दोपहर दो बजे के आसपास तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके कारण खुले में काम करने वाले लोगों, मजदूरों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने लखीसराय समेत पटना, गया और बेगूसराय में भी आंधी-तूफान की संभावना जताई है. पूर्वानुमान के अनुसार दोपहर बाद या शाम के समय 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखना सुरक्षित रहेगा.
2 और 3 जून को बढ़ सकती है परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2 और 3 जून को जिले में लू चलने की संभावना है. तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. इसके साथ ही वातावरण में उमस बढ़ने से लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
धूप और उमस से बचाव जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तेज धूप में निकलने से पहले सिर को ढंकना चाहिए. टोपी, गमछा या छाते का उपयोग करना लाभदायक होगा. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो. सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को मास्क लगाकर ही बाहर निकलना चाहिए.
मौसम के बदलते रुख को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.
Also Read: पटना में बढ़ती गर्मी से जल संकट गहराया, 5 फुट नीचे गया जलस्तर, ट्यूबवेल पर बढ़ा दबाव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










