ePaper

दूसरा लखीसराय फिल्म महोत्सव का तीन से पांच दिसंबर तक होगा

Updated at : 17 Nov 2025 6:05 PM (IST)
विज्ञापन
दूसरा लखीसराय फिल्म महोत्सव का तीन से पांच दिसंबर तक होगा

दूसरा लखीसराय फिल्म महोत्सव का तीन से पांच दिसंबर तक होगा

विज्ञापन

छह व सात दिसंबर को नगर भवन आयोजित होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव

25 से 27 नवंबर तक राजकीय लाली पहाड़ी महोत्सव के तहत आयोजित होगा ‘लखीसराय अकादमिक सम्मेलन’

तीनों कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर डीएम ने अधिकारियों संग की बैठक

फोटो संख्या 02- बैठक में उपस्थित डीएम मिथिलेश मिश्र, डीइओ यदुवंश राम व अन्य

फोटो संख्या 03- उपस्थित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मी

प्रतिनिधि, लखीसराय

जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को नयी दिशा देने के उद्देश्य से लखीसराय फिल्म महोत्सव 2025 का दूसरा संस्करण आगामी तीन से पांच दिसंबर तक आयोजित किया जायेगा. गत वर्ष बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को आयोजित पहले संस्करण की सफलता के बाद इस वर्ष महोत्सव को और व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है. इस वर्ष 14 नवंबर को बिहार विधानसभा आम निर्वाचन की मतगणना तिथि होने के कारण कार्यक्रम की तारीखों में बदलाव किया गया. निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होने के साथ ही जिले के सांस्कृतिक आयोजनों का क्रम पुनः प्रारंभ हो गया है. फिल्म महोत्सव से पूर्व 25 से 27 नवंबर तक राजकीय लाली पहाड़ी महोत्सव के तहत ‘लखीसराय अकादमिक सम्मेलन’ का आयोजन लखीसराय संग्रहालय में किया जायेगा. सम्मेलन का विषय ‘ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में मगध-एक नवीन शोध’ निर्धारित है. इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित इतिहासकार अपने शोधपत्र, व्याख्यान व शोध निष्कर्ष प्रस्तुत करेंगे. कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर अनिल कुमार होंगे. लखीसराय फिल्म महोत्सव 2025 के निदेशक जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र होंगे व संयोजक की भूमिका फिल्मकार रविराज पटेल निभायेंगे. जिला प्रशासन फिल्म सोसाइटी ‘सिनेयात्रा’ और विभिन्न फ़िल्म संस्थानों के सहयोग से कार्यक्रम की संरचना तैयार की जा रही है. तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव में चुनिंदा फीचर और नॉन-फीचर फिल्मों का प्रदर्शन, पैनल चर्चायें, मास्टर क्लास, फिल्म पोस्टर प्रदर्शनी एवं युवा फिल्म निर्माताओं के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी. इसके अतिरिक्त बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति पर आधारित विशेष सत्र में राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी. मुख्य कार्यक्रम लखीसराय संग्रहालय में होंगे, जबकि फिल्म प्रदर्शन संग्रहालय सभागार के अतिरिक्त राज सिनेमा व महादेव टॉकीज में भी किये जायेंगे.

महोत्सव में देश के कई प्रतिष्ठित फिल्मकारों, समीक्षकों व कलाकारों के आने की संभावना है, जिनमें फिल्म समीक्षक व फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड, मुंबई के वरिष्ठ सदस्य अजय ब्रह्मात्मज, अभिनेता विकास कुमार, ‘सिनेयात्रा’ के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस अधिकारी आरएन दास सहित अन्य फिल्मी हस्तियां शामिल हैं. इनके आगमन से जिले के युवाओं एवं फिल्म प्रेमियों को महत्वपूर्ण सीखने का अवसर प्राप्त होगा. इस आयोजन को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम का सहयोग प्राप्त है. साथ ही बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड तथा फिल्म क्रिटिक्स गिल्ड, मुंबई द्वारा भी सहयोग प्रदान किया जा रहा है. सह-आयोजक के रूप में फिल्म सोसाइटी ‘सिनेयात्रा’ अपनी महती भूमिका निभा रही है.

छह एवं सात दिसंबर को आयोजित होगा जिला स्तरीय युवा महोत्सव

फिल्म महोत्सव के उपरांत छह व सात दिसंबर को नगर भवन में जिला स्तरीय युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें वक्तृता, समूह लोकगीत, लोकनृत्य, कहानी व कविता लेखन, चित्रकला, विज्ञान प्रदर्शनी आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी. यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है. इसकी तैयारी को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में पदाधिकारियों की एक बैठक संपन्न हुई. इसकी तैयारी को लेकर विस्तृत विचार विमर्श किया गया. बैठक में डीइओ यदुवंश राम, वरीय उपसमाहर्ता नीरज कुमार, जिला एवं सांस्कृतिक पदाधिकारी सुश्री प्राची कुमारी, रविराज पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. जिला प्रशासन के अनुसार फिल्म महोत्सव व अन्य सांस्कृतिक आयोजनों का विस्तृत कार्यक्रम राजकीय लाली पहाड़ी महोत्सव सम्पन्न होने के पश्चात सार्वजनिक किया जाएगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन