विवादित खेत से बरामद अनाज और भूसा की होगी बोली, प्रशासन ने जारी किया नोटिस
प्रशासन ने जारी किया नोटिस
बड़हिया भूमि विवाद से जुड़े मामले में प्रशासन ने जब्त की गयी फसल व भूसा की बिक्री के लिए खुली बोली लगाने का फैसला लिया है. विवाद इंदुपुर गांव के दो पक्षों पंकज सिंह और प्रीतानंद सिंह के बीच चल रही जमीन को लेकर है, जिस पर प्रशासन ने बीएनएस की धाराओं के तहत हस्तक्षेप किया था. प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान खेत में लगी फसल की कटाई कर उसे सुरक्षित रखवा दिया गया. कटे हुए अनाज और भूसा को फिलहाल पुलिस निगरानी में बड़हिया थाना परिसर में रखा गया है. अधिकारियों ने दोनों पक्षों को बताया है कि मामले में एसडीओ का आदेश प्रभावी है और उसी आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी. जब्त सामग्री में बड़ी मात्रा में दलहन और अनाज शामिल हैं. इसमें मसूर, खेसारी, मटर, गेहूं, सरसों तथा चना-गेहूं मिश्रित फसल रखी गयी है. इसके अलावा पहले से जब्त मटर के बोरे भी थाना परिसर में सुरक्षित हैं. अंचल कार्यालय के अनुसार पिछले साल इसी जमीन से बरामद फसल की नीलामी में करीब साढ़े छह लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगी थी. इस बार अनुमानित कीमत में बढ़ोतरी करते हुए फसल का मूल्य 8.56 लाख रुपये तय किया गया है. भूसा, मजदूरी और ढुलाई खर्च जोड़ने के बाद कुल राशि 10.77 लाख रुपये निर्धारित की गयी है. नीलामी में शामिल होने वाले इच्छुक लोगों को 50 हजार रुपये सिक्योरिटी मनी के तौर पर जमा करनी होगी. साथ ही पहचान और बैंक संबंधी दस्तावेज भी देने होंगे. खुली बोली की प्रक्रिया पांच जून को दिन के 11 बजे शुरू होगी. सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को फसल दी जायेगी. तय राशि तत्काल जमा नहीं करने पर जमानत राशि जब्त कर ली जायेगी. प्रशासन ने कहा है कि नीलामी से जुड़ा अंतिम फैसला अंचल कार्यालय का ही मान्य होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









