बड़हिया में 7.28 करोड़ का नया अस्पताल महीनों से बंद, डीएम के निरीक्षण के बाद जगी उम्मीद
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 3:19 PM
Lakhisari News : लखीसराय जिले के बड़हिया में करोड़ों रुपये की लागत से बना नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महीनों बाद भी शुरू नहीं हो सका है. अब जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के निरीक्षण के बाद अस्पताल में जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है.
बड़हिया (लखीसराय) से शशिकांत मिश्रा की रिपोर्ट : बड़हिया नगर स्थित रेफरल अस्पताल के सामने करीब एक बीघा जमीन पर 7.28 करोड़ रुपये की लागत से नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निर्माण कराया गया है. इस अस्पताल का उद्घाटन 29 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री रहे Nitish Kumar ने रिमोट के माध्यम से किया था. लेकिन उद्घाटन के कई महीने गुजर जाने के बाद भी अस्पताल आम लोगों के लिए शुरू नहीं हो सका.
डीएम खुद पहुंचे अस्पताल, लिया जायजा
मामले को गंभीरता से लेते हुए रविवार को जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार अस्पताल पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल शुरू होने में आ रही बाधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने का निर्देश दिया.
बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से अटका मामला
अस्पताल शुरू नहीं होने की सबसे बड़ी वजह बिजली कनेक्शन का लंबित रहना बताया जा रहा है. डीएम ने कहा कि इस संबंध में विभाग को दो दिन पहले पत्र भेजा गया है और वहां से सकारात्मक जवाब मिला है. उम्मीद है कि बिजली की समस्या जल्द दूर होने के बाद अस्पताल को चालू कर दिया जाएगा.गंदगी देखकर नाराज हुए डीएम
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को देखकर नाराज हो गए. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया और कहा कि अस्पताल परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए.
जल्द शुरू होगी स्वास्थ्य सेवा
डीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि सरकार इस अस्पताल को जल्द शुरू कराने को लेकर गंभीर है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सभी कमियों को देखा गया है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही यहां मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मिलने लगेगी.निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एडीएम नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, सीओ राकेश आनंद, सभापति प्रतिनिधि सुजीत कुमार, पूर्व मुखिया राजेश कुमार समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि लंबे इंतजार के बाद जल्द अस्पताल आम लोगों के लिए शुरू होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










