अभयपुर स्टेशन का नया भवन तीन साल बाद भी अधूरा, यात्री सुविधाओं को तरस रहे लोग

Updated:
विज्ञापन

Lakhisari News : करोड़ों की लागत, बड़े वादे और आधुनिक स्टेशन का सपना. लेकिन अभयपुर रेलवे स्टेशन पर हकीकत आज भी अधूरी इमारत और परेशान यात्रियों की तस्वीर पेश कर रही है.

विज्ञापन

अभयपुर (लखीसराय) से रविराज आनंद की रिपोर्ट

Lakhisari News : जमालपुर–किऊल रेलखंड पर स्थित अभयपुर रेलवे स्टेशन का नया भवन तीन साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है. मई 2023 में शुरू हुआ निर्माण कार्य मई 2026 तक भी अधूरा पड़ा है. यात्रियों को आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि रेलवे प्रशासन इसे आधुनिक स्टेशन बनाने का दावा करता रहा है.

करोड़ों की लागत, लेकिन काम धीमी रफ्तार में

स्टेशन भवन निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन काम की रफ्तार बेहद धीमी है. फिनिशिंग का काम महीनों से लंबित है, जिससे नया भवन उपयोग में नहीं आ सका है. यात्रियों का कहना है कि जिस गति से काम चल रहा है, उससे स्पष्ट है कि निर्माण कार्य में गंभीरता की कमी है.

यात्रियों के लिए नहीं बदली स्थिति

नए भवन में टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं का वादा किया गया था, लेकिन फिलहाल स्थिति यह है कि पुरानी व्यवस्थाएं भी बदहाल हैं. दैनिक यात्रियों को रोजाना असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.

निरीक्षण के बावजूद नहीं हुई प्रगति

स्थानीय लोगों के अनुसार, मालदा रेल मंडल के अधिकारियों ने कई बार स्टेशन का निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई खास बदलाव नहीं दिखा. निर्माण कार्य अब भी अधर में लटका हुआ है.

रेलवे का दावा: 95 प्रतिशत काम पूरा

मालदा मंडल के सहायक मंडल अभियंता (एईएन) राजीव कुमार के अनुसार भवन का लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि केवल बाहरी हिस्से का कार्य और सौंदर्यीकरण बाकी है. उनका दावा है कि मौसम अनुकूल रहा तो एक महीने के भीतर कार्य पूरा कर लिया जाएगा.

यात्रियों में निराशा, सुविधाओं की मांग

स्थानीय यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बावजूद स्टेशन की स्थिति नहीं बदली है. लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन