मानिकपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में ही चलता है हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर
Author Rajeev murarai sinha sinha
Updated:
विज्ञापन
LAKHISARAI NEWS:मानिकपुर के एपीएचसी भवन में ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं. जर्जर भवन के कारण अलग केंद्र का संचालन संभव नहीं हो पा रहा.
विज्ञापन
प्रभात पड़ताल
सूर्यगढ़ा.
मानिकपुर क्षेत्र में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) भवन में ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित होने के कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है. शुक्रवार पूर्वाह्न 10:30 बजे प्रभात खबर की टीम ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एपीएचसी भवन में ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का संचालन किया जा रहा है. एक ही भवन में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है. ऐसे में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु रूप से लाभ मिलना मुश्किल प्रतीत होता है.पड़ताल में चिकित्सक मिले अनुपस्थित
पड़ताल के दौरान अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित आयुष चिकित्सक डॉ. नलिन नयन ड्यूटी पर उपस्थित नहीं थे. कर्मियों ने बताया कि वे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूर्यगढ़ा गए हुए हैं. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वाई.के. दिवाकर ने बताया कि डॉ. नलिन नयन इंजरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूर्यगढ़ा गए थे. केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. मधुमिता मंडल, जीएनएम रूपम कुमारी, लैब टेक्नीशियन बृजनंदन कुमार उर्फ छोटू, डाटा ऑपरेटर राकेश कुमार तथा गार्ड विपिन कुमार एवं नीतू कुमारी मौजूद थे.10:30 बजे तक एक भी मरीज नहीं पहुंचा
पूर्वाह्न 10:30 बजे तक चिकित्सकों एवं कर्मियों की उपस्थिति के बावजूद इलाज के लिए एक भी मरीज केंद्र नहीं पहुंचा था. डॉ. मधुमिता मंडल ने बताया कि यहां प्रतिदिन 20 से 25 मरीजों का उपचार किया जाता है. इसके अलावा 10 से 15 मरीजों को टेलीमेडिसिन के माध्यम से परामर्श एवं इलाज की सुविधा दी जाती है.एपीएचसी भवन में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालन से परेशानी
मानिकपुर थाना के समीप हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए अलग से भवन और जमीन उपलब्ध है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि उक्त भवन काफी जर्जर हो चुका है, इसलिए फिलहाल अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित किया जा रहा है. इस केंद्र में सीएचओ सोनम पटेल, एएनएम प्रतिमा कुमारी तथा एएनएम-आर रितु रानी की ड्यूटी रहती है.भवन जर्जर होने के कारण उसे एपीएचसी भवन में संचालित करना मजबूरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस एवं आयुष चिकित्सकों की तैनाती है, तो उसी भवन में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित करने का औचित्य समझ से परे है. उनका आरोप है कि अलग केंद्र के नाम पर कर्मियों की तैनाती कर सरकारी संसाधनों का अनावश्यक उपयोग किया जा रहा है.प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का भवन जर्जर होने के कारण उसे एपीएचसी भवन में संचालित करना मजबूरी है. वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किसी निजी भवन में इसके संचालन की संभावना तलाश की जा रही है.जनरेटर बना शोभा की वस्तु
कर्मियों ने बताया कि केंद्र में जनरेटर उपलब्ध है, लेकिन उसका उपयोग नहीं किया जाता. बिजली आपूर्ति बाधित होने पर इलाज और अन्य कार्यों में परेशानी होती है. इनवर्टर भी सही ढंग से काम नहीं करता.क्या कहते हैं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी
डॉ. वाई.के. दिवाकर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सूर्यगढ़ा ने कहा कि डॉ. नलिन नयन को इंजरी रिपोर्ट तैयार करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सूर्यगढ़ा बुलाया गया था. जनरेटर का उपयोग नहीं होने की जानकारी उन्हें नहीं है. मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.मानिकपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं का अभाव
सूर्यगढ़ा. लोगों की शिकायत है कि मानिकपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं का अभाव है. क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा जाना पड़ता है. भाजपा के पूर्व पंचायत अध्यक्ष विनोद महतो ने बताया कि यह कुत्ता काटने के बाद एंटी रेबीज सूई, सांप काटने के बाद इसके बचाव के लिए दी जाने वाली सुई, संस्थागत प्रसव की सुविधा, बंध्याकरण सहित अन्य ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. मानिकपुर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध नहीं होता है. इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा देकर स्वास्थ्य सुविधाओं में इजाफा किया जाए. मानिकपुर क्षेत्र की आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सूर्यगढ़ा या लखीसराय जाने के लिए मजबूर होते हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन









