अब सताएगी प्रचंड गर्मी, 38 डिग्री के पार जा सकता है पारा

Updated:
विज्ञापन
अब सताएगी प्रचंड गर्मी, 38 डिग्री के पार जा सकता है पारा

आसमान में निकली हल्की धूप

लखीसराय में बारिश का दौर खत्म होने के बाद अब प्रचंड गर्मी और तपती धूप का दौर शुरू होने वाला है, जहां पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. मौसम के बदलते तेवर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को लू से बचने और किसानों को नियमित सिंचाई करने की सलाह दी है.

विज्ञापन

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट: जिले में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलने वाला है. 9 और 10 मई तक हुई बारिश के कारण लोगों को गर्मी से जो राहत मिल रही थी, उसका सिलसिला अब थम गया है. 12 मई से जिलेवासियों को तपती धूप और चिलचिलाती गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है.

13 मई से और बढ़ेगी तपिश, लू का खतरा

12 मई को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. इस दौरान 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और आर्द्रता 50 प्रतिशत तक रहेगी. वहीं, 13 मई से गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा और पारा 38 डिग्री सेल्सियस या उससे पार जा सकता है. वैशाख माह के दूसरे पखवाड़े में प्रायः इसी तरह की प्रचंड गर्मी और लू की स्थिति बनी रहती है.

सब्जी की खेती पर असर, किसानों को सिंचाई की सलाह

कड़ी धूप निकलने से जहां एक ओर सब्जियों की खेती में सुधार आने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर मिट्टी में नमी तेजी से कम होगी. ऐसे में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी सब्जी की फसलों की वक्त-वक्त पर सिंचाई सुनिश्चित करें, ताकि पौधों को झुलसने से बचाया जा सके.

दोपहर में धूप से बचने की अपील

बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी का सेवन करने और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है. दोपहर 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक सीधी धूप में निकलने से बचने को कहा गया है. यदि बाहर निकलना जरूरी हो, तो टोपी, छाता या गमछे का प्रयोग अवश्य करें ताकि शरीर को लू से सुरक्षित रखा जा सके.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन