लखीसराय दिन में छाया अंधेरा, सूर्यगढ़ा में मौसम का खौफनाक रूप देख सहम गए लोग
लखीसराय दिन में छाया अंधेरा
Lakhisarai Weather : लखीसराय के सूर्यगढ़ा में शुक्रवार सुबह मौसम ने ऐसा डरावना रूप दिखाया कि दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया. तेज हवाएं, काले बादल और बिजली की चमक ने लोगों को दहशत में डाल दिया.
सूर्यगढ़ा से राजेश गुप्ता की रिपोर्ट.
Lakhisarai Weather : शुक्रवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे सूर्यगढ़ा बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम का खौफनाक मंजर देखने को मिला. सुबह से ही आसमान में बादल मंडरा रहे थे, लेकिन करीब 9:45 बजे अचानक पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया. तेज हवाएं चलने लगीं और आसमान में बिजली की चमक के साथ डरावना दृश्य देखने को मिला. मौसम के अचानक बदले इस रौद्र रूप से लोग हतप्रभ रह गए और सुरक्षित ठिकानों की तलाश करने लगे.
दिन में रात जैसा हो गया माहौल
स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में ऐसा लगने लगा जैसे रात हो गई हो. काले घने बादलों ने पूरे आसमान को ढक लिया और बाजार से लेकर गलियों तक अंधेरा फैल गया. दुकानदारों और घरों में लोगों को दिन के समय ही लाइट जलानी पड़ी. अचानक बदले इस मौसम ने लोगों को चौंका दिया.
बिजली की चमक और तेज हवाओं से फैली दहशत
तेज हवाओं के साथ लगातार आसमान में बिजली चमक रही थी. कई लोग डर के कारण दुकानों और घरों में दुबक गए. सड़क पर चल रहे लोग भी सुरक्षित जगहों की तलाश में भागते नजर आए. मौसम का यह भयावह रूप देखकर बच्चों और बुजुर्गों में भी डर का माहौल बन गया.
मोबाइल कैमरे में कैद हुआ खौफनाक नजारा
मौसम के इस अनोखे और डरावने दृश्य को कई लोगों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया. सोशल मीडिया पर भी लोग इस मौसम की तस्वीरें और वीडियो साझा करते नजर आए. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का रौद्र रूप बहुत कम देखने को मिलता है.
अचानक थम सी गई लोगों की रफ्तार
तेज हवाओं और अंधेरे के कारण बाजारों में भीड़ कम हो गई और लोगों की आवाजाही लगभग थम सी गई. कई दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर अपनी दुकानें बंद कर दीं. लोग लगातार मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे.
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद बढ़ी सतर्कता
मौसम विभाग द्वारा पहले ही खराब मौसम की संभावना जताई गई थी. अचानक मौसम बदलने के बाद लोग और ज्यादा सतर्क नजर आए. प्रशासन की ओर से भी लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









