नीतीश कुमार से मिले डॉ. सुनील सिन्हा, सूर्यगढ़ा में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग

211 कॉलेज खुले, लेकिन जिले का सबसे बड़ा प्रखंड अब भी वंचित - डॉ. सिन्हा | Prabhat Khabar Network
Lakhisarai News: लखीसराय के सूर्यगढ़ा प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की मांग ने जोर पकड़ा है. समाजसेवी डॉ. सुनील कुमार सिन्हा ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. यह मांग हजारों छात्रों के उच्च शिक्षा के अवसर को बढ़ाएगी.
Lakhisarai News: लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. जदयू प्रदेश सलाहकार समिति के सदस्य एवं समाजसेवी डॉ. सुनील कुमार सिन्हा ने रविवार को पटना में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि जिले के सबसे बड़े प्रखंड में आज तक एक भी सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं होना हजारों छात्रों के भविष्य पर असर डाल रहा है.
सूर्यगढ़ा में सरकारी कॉलेज खोलने की उठी मांग
पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर हुई मुलाकात के दौरान डॉ. सुनील कुमार सिन्हा ने सूर्यगढ़ा प्रखंड में सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग रखते हुए विस्तृत ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार के विभिन्न जिलों में 211 सरकारी डिग्री कॉलेज खोले गए, लेकिन सूर्यगढ़ा अब भी इस सुविधा से वंचित है.
हजारों छात्रों को दूसरे शहरों का करना पड़ता है रुख
डॉ. सिन्हा ने बताया कि सरकारी डिग्री कॉलेज नहीं होने के कारण सूर्यगढ़ा के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लखीसराय, मुंगेर और पटना जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है. इससे खासकर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है. कई विद्यार्थियों की पढ़ाई भी संसाधनों के अभाव में प्रभावित होती है.
24 पंचायत और कई बड़े क्षेत्र जुड़े हैं सूर्यगढ़ा से
ज्ञापन में बताया गया है कि सूर्यगढ़ा प्रखंड में 24 पंचायत, एक नगर पंचायत के अलावा मेदनी चौकी, पीरी बाजार, मानिकपुर और कजरा जैसे घनी आबादी वाले इलाके शामिल हैं. यहां बड़ी संख्या में पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग रहते हैं. इतनी बड़ी आबादी के बावजूद सरकारी डिग्री कॉलेज का अभाव शिक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है.
जदयू का मजबूत क्षेत्र, फिर भी नहीं मिला सरकारी कॉलेज
डॉ. सिन्हा ने कहा कि सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से जदयू का मजबूत जनाधार वाला इलाका रहा है. इसके बावजूद यहां सरकारी डिग्री कॉलेज की स्थापना नहीं होना स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है. उन्होंने क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए एक से अधिक सरकारी डिग्री कॉलेज खोलने की मांग भी रखी.
Lakhisarai News: नीतीश कुमार ने दिया सकारात्मक आश्वासन
डॉ. सुनील कुमार सिन्हा के अनुसार, नीतीश कुमार ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और मांग पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया. हालांकि कॉलेज की स्थापना को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव मुरारी सिन्हा
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










