लखीसराय में ट्रांसफार्मर के करंट से गाय की मौत, पीरीबाज़ार में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

Updated:
विज्ञापन
Lakhisarai News

खुले ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में करंट आने से दुधारू गाय की मौत

Lakhisarai News: लखीसराय के पीरीबाज़ार में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक बेजुबान की जान ले ली. खुले ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में करंट आने से दुधारू गाय की दर्दनाक मौत हो गयी, जिसके बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया.

विज्ञापन

पीरीबाज़ार, लखीसराय से रविराज आनंद की रिपोर्ट.

Lakhisarai News: पीरीबाज़ार थाना क्षेत्र के एपीएचसी घोसैठ के पास शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. खुले में लगे ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार की चपेट में आने से एक दुधारू गाय की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जतायी. लोगों का कहना है कि खुले और असुरक्षित ट्रांसफार्मर लंबे समय से हादसे को न्योता दे रहे हैं.

घास चरते समय करंट की चपेट में आयी गाय

जानकारी के अनुसार लोशघानी निवासी बलराम यादव की गाय पीरीबाज़ार-लोशघानी मुख्य सड़क किनारे नाले के पास घास चर रही थी. इसी दौरान नाले के बगल में लगे ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में फैले करंट की चपेट में आ गयी.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाय तड़पती रही और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गयी. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये और बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताने लगे.

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर और उसके अर्थिंग तारों को बिना किसी सुरक्षा घेरे के खुले में छोड़ दिया गया है. इससे राहगीरों और मवेशियों की जान हमेशा खतरे में रहती है.

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते व्यवस्था ठीक नहीं की गयी तो भविष्य में किसी इंसान की जान भी जा सकती है.

पुलिस और पशु चिकित्सक ने की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता प्रीत सौरभ ने पीरीबाज़ार थाना पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराया. बाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत पशु का पोस्टमार्टम कराया गया.

पशु चिकित्सक डॉ राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि गाय की मौत बिजली के तेज करंट लगने से हुई है.

मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग

मृत गाय पशुपालक बलराम यादव की आजीविका का मुख्य साधन थी. इस हादसे से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और इलाके के जर्जर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित बनाने की मांग की है.

Also Read: IGIMS में आयुष्मान घोटाला, 45 लाख का गबन, चार आउटसोर्स कर्मियों पर केस, फंसेंगे कई और

विज्ञापन
प्रत्युष प्रशांत

लेखक के बारे में

By प्रत्युष प्रशांत

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन