लखीसराय में मिशन परिवार विकास अभियान तेज, सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचेगी परिवार नियोजन की सुविधा, मुफ्त मिलेंगी सेवाएं
लखीसराय जिले में 'मिशन परिवार विकास अभियान' जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन सेवाओं को सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है. यह अभियान 7 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसका लक्ष्य सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना है.
लखीसराय जिले में जनसंख्या स्थिरीकरण और परिवार नियोजन सेवाओं को सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘मिशन परिवार विकास अभियान’ चलाया जा रहा है. यह अभियान 7 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है. अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से व्यापक तैयारियां की गयी हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
सदर अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. जेपी सिंह, एसीएमओ डॉ. एके भारती, सदर उपाधीक्षक डॉ. कुमार अमित, डीपीएम सुधांशु नारायण लाल और अस्पताल प्रबंधक नंद किशोर भारती सहित अन्य अधिकारियों ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान परिवार नियोजन को लेकर लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया.
सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचेंगी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं
सिविल सर्जन डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी सुदूर क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण परिवार नियोजन सेवाएं और सही जानकारी पहुंचाना है. इसके लिए जिला अस्पताल सहित जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में विशेष व्यवस्था की गयी है. उन्होंने लोगों से अपनी सुविधा के अनुसार परिवार नियोजन के सही अंतराल और आधुनिक साधनों को अपनाने की अपील की.
आशा कार्यकर्ताओं ने किया योग्य दंपतियों से संपर्क
डॉ. सिंह ने बताया कि 7 से 13 सितंबर तक ‘दंपति संपर्क सप्ताह’ चलाया गया. इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने लाइन लिस्टिंग कर योग्य दंपतियों से संपर्क किया और उन्हें परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी. इसके बाद 14 से 26 सितंबर तक ‘परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा’ यानी जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा संचालित किया जा रहा है.
जिले में परिवार नियोजन से संबंधित सभी प्रकार की सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध करायी जा रही हैं. लोगों को अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार उपलब्ध विकल्पों की जानकारी लेकर उनका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
आईसीडीएस, जीविका और पंचायत प्रतिनिधियों से समन्वय
एसीएमओ डॉ. एके भारती ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों के बीच भी समन्वय स्थापित किया जा रहा है. जिला स्तर पर आईसीडीएस, पीआरआई, जीविका और महादलित विकास मिशन के साथ समन्वय बैठकें की जा रही हैं.
प्रखंड स्तर पर बीडीओ की अध्यक्षता में पंचायत जनप्रतिनिधियों, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं और जीविका दीदियों के साथ उन्मुखीकरण कार्यशालाएं आयोजित की जायेंगी.
आरोग्य दिवस पर होगी काउंसलिंग
अभियान के दौरान सभी आरोग्य दिवस सत्रों पर योग्य दंपतियों की काउंसलिंग की जायेगी. उन्हें ‘बास्केट ऑफ चॉइस’ के तहत विभिन्न गर्भनिरोधक सामग्रियां उपलब्ध करायी जायेंगी. इसका उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी देकर उनकी सुविधा के अनुसार साधन चुनने में मदद करना है.
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में एएनएम स्कूल, लखीसराय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से परिवार नियोजन को लेकर जागरूकता संदेश दिया. बैनर और प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी दी गयी. स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभियान के दौरान अधिक से अधिक योग्य दंपतियों तक पहुंचने पर जोर दिया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए