दुर्गापूजा-छठ में राहत : आनंद विहार से भागलपुर के लिए चलेगी फेस्टिवल स्पेशल, किऊल-अभयपुर में भी ठहराव
अभयपुर स्टेशन.
रेलवे ने त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आनंद विहार टर्मिनल और भागलपुर के बीच एक नई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन शुरू की है. यह ट्रेन दिल्ली से भागलपुर के बीच यात्रा को आसान बनाएगी, जिसमें किऊल और अभयपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी ठहराव होगा.
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत दी है. पूर्व रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल और भागलपुर के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इस ट्रेन का ठहराव लखीसराय जिले के किऊल और अभयपुर स्टेशन पर भी दिया गया है. इससे दिल्ली और लखीसराय के बीच यात्रा करने वाले लोगों को त्योहार के मौसम में आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है.
10 अक्टूबर से रोजाना चलेगी ट्रेन
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 04062 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर स्पेशल 10 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक रोजाना चलेगी. यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से दोपहर 12 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी.
वहीं ट्रेन संख्या 04061 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 11 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी. यह ट्रेन भागलपुर से शाम 4:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी.
किऊल और अभयपुर में भी मिलेगा ठहराव
फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का ठहराव किऊल, जमालपुर, अभयपुर, सुल्तानगंज सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है. लखीसराय जिले के यात्रियों के लिए किऊल और अभयपुर स्टेशन पर ठहराव सबसे अहम माना जा रहा है. इससे जिले के यात्रियों को दिल्ली और भागलपुर के बीच सफर के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा.
अभयपुर और किऊल पहुंचने का समय
आनंद विहार टर्मिनल से भागलपुर जाने के दौरान ट्रेन के किऊल पहुंचने का समय सुबह 10:15 बजे और अभयपुर पहुंचने का समय सुबह 10:41 बजे बताया गया है.
वापसी में भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने के दौरान ट्रेन अभयपुर शाम 6:14 बजे पहुंचेगी, जबकि किऊल पहुंचने का समय शाम 7:05 बजे निर्धारित है.
20 कोच के साथ चलेगी फेस्टिवल स्पेशल
रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे. इसमें एसी-2 टियर का एक, एसी-3 टियर के दो, स्लीपर के नौ, जनरल के छह और एसएलआरडी के दो कोच शामिल होंगे. अलग-अलग श्रेणी के कोच होने से यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलेगा.
त्योहारों में बढ़ती वेटिंग से मिल सकती है राहत
दुर्गापूजा से लेकर छठ तक बिहार आने-जाने वाली नियमित ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से टिकट की मांग भी बढ़ जाती है. ऐसे में वेटिंग लिस्ट लंबी होने की स्थिति में फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध करायेगी. दिल्ली, भागलपुर, जमालपुर, किऊल और अभयपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए