सहयोग शिविर में पहुंचे प्रभारी सचिव, योजनाओं की प्रगति परखी, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश

Updated:
विज्ञापन
सहयोग शिविर में पहुंचे प्रभारी सचिव, योजनाओं की प्रगति परखी, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निष्पादन के निर्देश

Lakhisari News : सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी हकीकत जानने मंगलवार को प्रभारी सचिव स्वयं सहयोग शिविर पहुंचे. उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

विज्ञापन

हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट

Lakhisari News : लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड अंतर्गत भनपुरा और मोहद्दीनगर पंचायत में मंगलवार को तीसरे सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. भनपुरा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर का निरीक्षण योजना एवं विकास विभाग के प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा की तथा ग्रामीणों से बातचीत कर लाभार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली.

विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव कंवल तनुज ने राजस्व, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, जीविका, बिजली, पेयजल एवं आपूर्ति विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे. उन्होंने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया.

ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

प्रभारी सचिव ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर योजनाओं के लाभ की स्थिति जानी. उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं तथा किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर अधिकारियों के सामने रखा. इस दौरान कई लोगों ने सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की.

शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

कंवल तनुज ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लोगों की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ कार्य करे.

कई मामलों का हुआ ऑन-द-स्पॉट समाधान

शिविर के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया. वहीं मोहद्दीनगर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं बिजली से संबंधित आवेदन जमा किए. संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवेदनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.

बड़ी संख्या में मौजूद रहे ग्रामीण

सहयोग शिविर में प्रखंड एवं अंचल स्तर के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित रहे. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं. प्रशासन ने आश्वासन दिया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन किया जाएगा, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन