बारिश में तालाब बना हाई स्कूल का मैदान, जलजमाव और अंधेरे से खिलाड़ियों का अभ्यास ठप
प्रतीकात्मक तस्वीर
लखीसराय के बड़हिया में ऐतिहासिक हाई स्कूल मैदान उपेक्षा का शिकार है. बारिश में जलजमाव और शाम को अंधेरे के कारण खिलाड़ियों का अभ्यास ठप हो गया है. मूलभूत सुविधाओं के अभाव में खेल प्रतिभाओं का भविष्य अधर में लटका है.
लखीसराय जिले के बड़हिया नगर परिषद क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक हाई स्कूल का मैदान इन दिनों प्रशासनिक उपेक्षा के कारण बदहाली के आंसू रो रहा है. स्थानीय खिलाड़ियों के अभ्यास का यह इकलौता मुख्य सहारा है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव के कारण उनकी खेल प्रतिभा पर पानी फिर रहा है. स्थिति यह है कि हल्की बारिश होते ही पूरा मैदान जलजमाव के कारण तालाब का रूप ले लेता है, जिससे खिलाड़ियों का रोजाना का अभ्यास पूरी तरह ठप हो जाता है.
कागजों में ही सिमट कर रह गया मिट्टी भराई का एस्टीमेट
खिलाड़ियों ने बताया कि मैदान में जलजमाव की स्थायी समस्या को लेकर पिछले वर्ष भी अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपा गया था. इसके बाद मैदान में मिट्टी भराई के लिए एस्टीमेट तैयार होने की सूचना मिली थी, जिससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में आस जगी थी. हालांकि, महीनों बीत जाने के बाद भी धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका और फाइलें सिर्फ कागजों में ही दौड़ती रह गईं.
रोशनी के अभाव में शाम को प्रैक्टिस करना मुश्किल
जलजमाव के साथ-साथ मैदान में प्रकाश व्यवस्था की कमी दूसरी बड़ी समस्या बनी हुई है. शाम ढलते ही पूरे मैदान में अंधेरा छा जाता है, जिससे पढ़ाई या काम के बाद शाम को प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों को काफी परेशानी होती है. खिलाड़ियों का कहना है कि अगर मैदान में हाईमास्ट या एलईडी लाइट्स लगा दी जाएं, तो शाम के समय भी बेहतर ढंग से अभ्यास संभव हो पाएगा.
राष्ट्रीय स्तर तक नाम रोशन कर चुके हैं यहां के खिलाड़ी
उल्लेखनीय है कि इसी हाई स्कूल मैदान में पसीना बहाकर कई युवा प्रतिभाओं ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में बड़हिया का नाम रोशन किया है. इसके अलावा सेना और पुलिस बहाली जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी भी रोजाना यहीं दौड़ लगाते हैं. खिलाड़ी शुभम, आशिका और बंटी समेत स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन और संबंधित विभाग से मैदान में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, मिट्टी भराई करवाने और रोशनी के इंतजाम करने की पुरजोर मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










