सूर्यगढ़ा के रतनपुर में सहयोग शिविर की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
फोटो- निरीक्षण करते डीएम शैलेंद्र कुमार, डीडीसी सुमित कुमार व एसडीओ प्रभाकर कुमार | Prabhat Khabar Network
डीएम शैलेंद्र कुमार ने सूर्यगढ़ा के रतनपुर में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. ग्रामीणों की नल-जल और लो-वोल्टेज की समस्याओं को भी सुना गया.
Cooperation Camp: लखीसराय. जिले के सूर्यगढ़ा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, रतनपुर में मनगलवार को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों का जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने अन्य अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शिविर स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
वाहन पार्किंग से लेकर पेयजल व्यवस्था तक की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाहन पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, पंजीकरण काउंटर तथा आम लोगों के बैठने की व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं.
सामुदायिक भवन में लिए जा रहे हैं आवेदन
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि शिविर के लिए पास के सामुदायिक भवन में ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद के साथ आवेदन दे रहे हैं.
ग्रामीणों ने उठाई नल-जल और लो वोल्टेज की समस्या
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान ग्रामीणों ने नल-जल योजना के सही ढंग से संचालित नहीं होने तथा बिजली के लो वोल्टेज की समस्या प्रमुखता से उठाई. जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात की और समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया.
मंत्री सुनील कुमार होंगे मुख्य अतिथि
Cooperation Camp: मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री सुनील कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. प्रशासन ने कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंप दी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










