21 किमी सड़क का 1100 मीटर हिस्सा बना दे रहा दर्द, भूमि विवाद में अटका निर्माण

Updated:
विज्ञापन

Badhia-Surjichak Road: करीब 21 किलोमीटर लंबी सड़क बनकर तैयार है, लेकिन सिर्फ 1100 मीटर का अधूरा हिस्सा हजारों लोगों की परेशानी का कारण बन गया है. गर्मी में धूल और बरसात में कीचड़ से जूझ रहे ग्रामीण अब पूछ रहे हैं कि आखिर यह सड़क पूरी कब होगी?

विज्ञापन

Lakhisari News : लखीसराय जिले के दियारा क्षेत्र को मुख्यालय से जोड़ने वाली बड़हिया–सुरजीचक सड़क लोगों के लिए राहत लेकर आई है, लेकिन इसका 1100 मीटर हिस्सा अब भी अधूरा पड़ा है. भूमि अधिग्रहण और मुआवजा विवाद के कारण निर्माण कार्य रुक गया है. नतीजतन रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

दियारा क्षेत्र की लाइफलाइन बनी सड़क, लेकिन अधूरा हिस्सा बढ़ा रहा परेशानी

गंगा किनारे बनी 21 किलोमीटर लंबी बड़हिया–सुरजीचक सड़क ने खुटहा, मुड़वरिया, सुरजीचक और रामपुर समेत कई गांवों की दूरी कम कर दी है. सड़क बनने के बाद लोगों की आवाजाही आसान हुई है और दियारा क्षेत्र का संपर्क बेहतर हुआ है. रोजाना स्कूली बच्चे, किसान, ई-रिक्शा, बाइक और अन्य वाहन इसी मार्ग का उपयोग करते हैं.हालांकि सड़क का अधिकांश हिस्सा बनने के बावजूद 1100 मीटर का हिस्सा अब भी कच्चा पड़ा हुआ है. गंगा कॉलेज घाट के पास लगभग 300 मीटर और जैतपुर महावीर मंदिर से ईंट-चिमनी तक करीब 800 मीटर सड़क का निर्माण अधूरा है.

मुआवजे के विवाद में फंसा सड़क निर्माण

जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण में सबसे बड़ी बाधा भूमि अधिग्रहण को लेकर बना विवाद है. गंगा कॉलेज घाट के समीप कुछ भू-स्वामी विकसित क्षेत्र के आधार पर मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. वहीं जैतपुर इलाके में सड़क चौड़ीकरण के लिए ली जा रही जमीन के बदले उचित मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाया जा रहा है.पथ निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कई बार बातचीत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. इसी कारण निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है.

बरसात में बढ़ जाएगी मुश्किल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी गर्मी के दिनों में धूल की समस्या बनी हुई है, जबकि बरसात शुरू होते ही यह कच्चा हिस्सा कीचड़ में तब्दील हो जाएगा. इससे आवागमन और अधिक कठिन हो जाएगा. खासकर एम्बुलेंस, स्कूली वाहन और किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है.ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वाहन फंस जाते हैं और लोगों को घंटों परेशान होना पड़ता है.

प्रशासन से जल्द समाधान की मांग

दियारा क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से जल्द हस्तक्षेप कर भूमि विवाद का समाधान निकालने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि 21 किलोमीटर में से 19.9 किलोमीटर सड़क बनने के बाद भी 1100 मीटर का अधूरा हिस्सा पूरी परियोजना की उपयोगिता को प्रभावित कर रहा है.लोगों का मानना है कि यदि यह शेष हिस्सा भी बन जाए तो बड़हिया–सुरजीचक सड़क दियारा क्षेत्र के विकास और आवागमन के लिए वास्तविक लाइफलाइन साबित होगी.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन