कोसी पुनर्वास परियोजना पर CM Nitish Kumar का निर्देश, कहा- नहीं होगी संसाधन की कमी, जल्द करें पूरा काम
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 22 Nov 2022 4:46 PM
कोसी पुनर्वास परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने कई निर्देश भी दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नहीं होगी संसाधन की कोई कमी, जल्द पूरा काम करें.
पटना. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में कोसी पुनर्वास परियोजना की कार्य प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को कोसी बेसिन डेवलपमेंट प्रोजेक्ट सहित कई विभागों में चल रहे परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी दी गई. वहीं, इस समीक्षा बैठक में कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहे.
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्ष 2007-08 में कोसी त्रासदी आयी थी, जिसमें हम लोगों ने अपने संसाधन से उस क्षेत्र में काफी रिलीफ के कार्य किए थे. उसी दौरान पूरे इलाके को विकसित करने की योजना बनायी गयी थी, उस पर काम किया जा रहा है. हम वहां जाकर एक- एक चीजों को देखते रहे हैं. वहां किये जा रहे सभी कार्यों की जानकारी लेते रहते हैं. उन्होंने कहा कि कोसी पुनर्वास परियोजना के तहत कई कार्य किए गए हैं, जो भी बचे हुए कार्य हैं उसे तेजी से पूर्ण करें. इसके लिए संसाधन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी.
बैठक में योजना एवं विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला ने बिहार कोसी बेसिन डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. इसके अलावा जल संसाधन विभाग, कृषि सह पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग और बिहार राज्य पथ विकास निगम के अधिकारियों ने भी अपने विभाग में चल रहे परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी दी. वहीं, इस बैठक में ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित कई मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










