जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने घेरा थाना
Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 03 Feb 2026 10:51 PM
जब्त ट्रैक्टर छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने घेरा थाना
किशनगंज. अवैध खनन के मामले में जब्त एक बालू लदे ट्रैक्टर को लेकर मंगलवार को टेढ़ागाछ थाना परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. सोमवार को पुलिस द्वारा की गयी इस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दर्जनों की संख्या में ट्रैक्टर चालक व ग्रामीण लामबंद होकर थाने पहुंच गए. मुख्य गेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाने के ठीक सामने बीच सड़क पर टायर जलाकर आवागमन बाधित कर दिया. प्रदर्शन इतना उग्र था कि लोग कई बार पुलिसिया सुरक्षा घेरे को तोड़कर थाने के भीतर घुस गए. अधिकारियों पर ट्रैक्टर छोड़ने का दबाव बनाने लगे. ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस बड़े संवेदकों व माफियाओं पर कार्रवाई करने के बजाय घरेलू उपयोग के लिए बालू ले जा रहे गरीब ट्रैक्टर चालकों को निशाना बना रही है.
आत्मदाह की कोशिश से मचा हड़कंप
प्रशासन व प्रदर्शनकारियों के बीच जारी खींचतान के दौरान माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब एक प्रदर्शनकारी ने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह करने का प्रयास किया. हालांकि, वहां मौजूद अन्य लोगों और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से उसे समय रहते बचा लिया गया. इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए.
जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप व ग्रामीणों के बढ़ते उग्र प्रदर्शन के आगे आखिरकार पुलिस प्रशासन को झुकना पड़ा. थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि सोमवार को गोरिया घाट से बालू लादकर आ रहे ट्रैक्टर को दहीभात के पास पकड़ा गया था. ग्रामीणों के इस तर्क के बाद कि बालू निजी घरेलू उपयोग के लिए लाया जा रहा था, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैक्टर को मुक्त कर दिया गया. ट्रैक्टर वापस मिलने के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए व धरना समाप्त किया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










