जनजातीय समुदाय को योजनाओं का शत-प्रतिशत दिलाना है लाभ : डीएम

Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 18 May 2026 6:42 PM

विज्ञापन

जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत जनभागीदारी अभियान सबसे दूर–सबसे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवारको डीएम विशाल राज की अध्यक्षता में किया गया

विज्ञापन

जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत ‘जनभागीदारी अभियान:सबसे दूर–सबसे पहले’ का शुभारंभ किशनगंज जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के अंतर्गत जनभागीदारी अभियान सबसे दूर–सबसे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवारको डीएम विशाल राज की अध्यक्षता में किया गया. यह आयोजन समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में किया गया. यह अभियान पीएम जनमन (प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान) एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत 19 मई 2026 से 25 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा. उक्त अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार सरकार के माध्यम से किशनगंज जिले में संचालित किया जा रहा है. इसके तहत पोठिया प्रखंड की छह पंचायतों मिर्जापुर, टिपिझाड़ी, उदगड़ा, कोल्था, पनासी एवं सारोगारा के 10 चयनित अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में 19 मई से 25 मई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. कार्यक्रम में जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कमजोर जनजातीय वर्ग को सशक्त एवं मुख्यधारा से जोड़ना है. भारत सरकार द्वारा चयनित 10 जनजातीय बहुल गांवों में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शौचालय, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पात्र लाभुकों को उपलब्ध कराया जाएगा. अभियान के अंतर्गत चयनित गांवों में विशेष शिविर आयोजित कर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे तथा उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करते हुए लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र एवं योजनाओं से संबंधित लाभ वितरित किए जाएंगे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी विकास मित्रों को निर्देश देते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर लाभुकों से संबंधित आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज संग्रहित कर शिविर स्थल तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि शिविरों में राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, शौचालय, आवास योजना, बच्चों का विद्यालय में नामांकन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का निष्पादन किया जाएगा. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के सभी लोगों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराना है. जिला पदाधिकारी ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत कार्ड से सभी पात्र लाभुकों को आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया. साथ ही जनजातीय समुदाय के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु मेडिकल कैंप का आयोजन भी किया जाएगा, जहां स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी. इसके अतिरिक्त दिनांक 21 मई से 23 मई 2026 तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना जाएगा तथा उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. अभियान के सफल संचालन हेतु जिला कल्याण पदाधिकारी, किशनगंज को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है. अभियान से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित पंचायत के विकास मित्र अथवा संबंधित प्रखंड के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है. कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन