आज शाम से व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास होगा शुरू

विभिन्न लोकगीतों के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी शुरू कर दी गयी है. शनिवार से महापर्व शुभारंभ हो गया है
ठाकुरगंज
विभिन्न लोकगीतों के साथ लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारी शुरू कर दी गयी है. शनिवार से महापर्व शुभारंभ हो गया है.25 अक्टूबर को नहाय-खाय से अनुष्ठान शुरू हो गया. व्रतियों ने सुबह नदियों के तट पर पहुंच कर स्नान-ध्यान कर भगवान सूर्य को नमन किया. इसके बाद घरों में पूजा-अर्चना कर कद्दू की सब्जी, अरवा चावल का भात व चना दाल तैयार कर इसे भगवान को अर्पित करने के बाद स्वयं ग्रहण किया.
आज को होगा खरना
महापर्व छठ के दूसरे दिन आज खरना अनुष्ठान होगा. दिन भर उपवास रह कर सूर्यास्त के बाद व्रती भगवान की पूजा-अर्चना कर खीर, रोटी, केला का नैवेद्य भोग लगाने के बाद स्वयं इसे ग्रहण करेंगे. फिर इसे प्रसाद स्वरूप वितरित किया जायेगा. इसके साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जायेगा.
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
महापर्व के तीसरे दिन सोमवार को व्रती छठ घाट पर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे. इससे पूर्व प्रात: स्नान-ध्यान के बाद प्रसाद बनाने की तैयारी शुरू करेंगे. दोपहर तक प्रसाद तैयार कर डाला भरेंगे. इसके बाद परिजनों व सगे-संबंधियों के साथ छठ गीत गाते हुए छठ घाट जायेंगे. मंगलवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगे. इसके बाद हवन कर सबके लिए मंगलकामना करेंगे. प्रसाद वितरण के बाद व्रती घर आकर पारण करेंगे.
महापर्व को लेकर व्रतियों व उनके परिजनों ने खरीदारी हो रही है. कपड़ा से लेकर दउरा, सूप, मिट्टी के बर्तन, अनाज, चूल्हा, कांसे के बर्तन सहित अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी हो रही है. लोग अपनी जरुरत के अनुसार खरीदारी कर रहे है.अधिकारियों ने लिया छठ घाटों का जायजा
बीडीओ अहमर अब्दाली अंचलाधिकारी मृत्युंजय कुमार और थानाध्यक्ष मकसूद आलम अशर्फी ने प्रखंड क्षेत्र के लगभग सभी प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त रूप से जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिये. इस क्रम में महानंदा, सागढाला, भातडाला और चेंगा नदी के छठ घाटों का जायजा लिया गया. बीडीओ ने बताया कि जिन छठ घाटों पर अधिक पानी है वहां पर बैरिकेटिंग करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान बच्चे, बूढ़े एवं महिलाओं पर विशेष नजर रखने, घाटों की साफ-सफाई के साथ ही विधि व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है. पानी में गंदगी दूर करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का निर्देश दिया .डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




