ठाकुरगंज में विशेष शिविर लगाकर 98 दिव्यांगजनों को जारी हुआ यूडीआईडी कार्ड

दिव्यांगजनो को युडीआईडी कार्ड सौंपते विधायक | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज (किशनगंज) में 204 दिव्यांगजनों के लंबित यूडीआईडी आवेदनों के निस्तारण के लिए एक विशेष चिकित्सा मूल्यांकन एवं निबंधन शिविर आयोजित किया गया. इस शिविर में 98 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा.
ठाकुरगंज (किशनगंज). प्रखंड के दिव्यांगजनों के लंबित यूडीआईडी (यूनिक डिसेबिलिटी आईडी) आवेदनों के निष्पादन के लिए शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष चिकित्सा मूल्यांकन एवं निबंधन शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता का मूल्यांकन कर यूडीआईडी कार्ड निर्गत करने की प्रक्रिया पूरी की.
204 लंबित आवेदनों के लिए लगाया गया शिविर
Kishanganj UDID Camp: जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना था. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ठाकुरगंज प्रखंड के कुल 204 लंबित आवेदनों के लिए लगाए गए इस विशेष शिविर में जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद 98 दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड जारी किया गया. शेष आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है.
विधायक ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और चिकित्सा मूल्यांकन प्रक्रिया का निरीक्षण किया. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. टी.एन. रजक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को समय पर यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाए तथा उन्हें किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण है यूडीआईडी
Kishanganj UDID Camp: विधायक ने कहा कि यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसके माध्यम से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्राप्त होता है. इसलिए सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिये.
चरणबद्ध तरीके से लगाए जाएंगे विशेष शिविर
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. टी.एन. रजक ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में चरणबद्ध तरीके से ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण हो सके और कोई भी पात्र दिव्यांगजन सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे.
इन अधिकारियों ने निभाई सक्रिय भूमिका
शिविर के सफल संचालन में बीडीओ आशीष कुमार, मेडिकल बोर्ड के ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. कृष्णानंद तीर्थकर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कौसर आलम, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति कुमारी, जिला समन्वयक (यूडीआईडी) अविनाश राय, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सुनील कुमार, बीसीएम राकेश कुमार, काउंसलर संजीत कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










