पांच साल में एक करोड़ युवाओं को मिलेगी नौकरी : सीएम

Updated at : 11 Mar 2026 6:25 PM (IST)
विज्ञापन
पांच साल में एक करोड़ युवाओं को मिलेगी नौकरी : सीएम

पांच साल में एक करोड़ युवाओं को मिलेगी नौकरी : सीएम

विज्ञापन

शिक्षा, स्वास्थ्य व बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ अब उद्योगों की स्थापना पर रहेगा विशेष जोर

महिला सशक्तिकरण के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण व 50 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने की मिली स्वीकृति

किशनगंज. ठाकुरगंज के कृषि मैदान में आयोजित ”समृद्धि यात्रा” के दौरान जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के विकास व भविष्य के रोडमैप पर अपनी बात रखी. मुख्यमंत्री ने मंच से ऐलान किया कि राज्य सरकार ने अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने का लक्ष्य रखा है. उन्होंने कहा कि 2005 में एनडीए सरकार बनने के बाद से बिहार में भय का माहौल खत्म हुआ है. राज्य चरणबद्ध तरीके से विकास की राह पर आगे बढ़ा है.

शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार

मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए बताया कि बीपीएससी के माध्यम से अब तक 2 लाख 28 हजार शिक्षकों की बहाली हो चुकी है. अब कुल 5 लाख 24 हजार शिक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं. आने वाले समय में 45 हजार नए पदों पर शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी. स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि 2006 से अस्पतालों में मुफ्त दवा की व्यवस्था की गयी है. राज्य में छह मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं. छह नए मेडिकल कॉलेजों पर काम होगा. पटना मेडिकल कॉलेज में बेड की संख्या बढ़ाकर 5,400 की जा रही है, जबकि पांच पुराने मेडिकल कॉलेजों में भी बेड का विस्तार किया जा रहा है.

बुनियादी ढांचा, महिला सशक्तिकरण व कृषि विकास

सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि राज्य में आवागमन इतना सुगम हो गया है कि प्रदेश के किसी भी कोने से 5 घंटे में पटना पहुंचना संभव है. किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि रोडमैप पर काम हुआ है और अब खेतों के साथ-साथ घरों के लिए भी नयी योजनाएं लायी जा रही हैं. अब 50 लाख घरों में मुफ्त सोलर पैनल लगाने की स्वीकृति दी गयी है. पुलिस व सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है. वर्तमान में 10 लाख 78 हजार जीविका दीदियां आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि अब विशेष जोर उद्योग लगाने व बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू करने पर होगा.

कार्यक्रम में उपस्थिति :

इस अवसर पर मंच पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उद्योग व पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, बिहार राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष प्रहलाद सरकार सहित कई अन्य गणमान्य नेता और अधिकारी मौजूद रहे.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन