राजघाट मियापुर में भीषण अग्निकांड, तीन घर जलकर राख
Author Awadhesh kumar
Updated:
विज्ञापन
राजघाट मियापुर में भीषण अग्निकांड, तीन घर जलकर राख
विज्ञापन
तबाही : तीन बकरियों की जलकर मौत, पांच लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान
किशनगंज. टेढ़ागाछ प्रखंड के बैगना पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या आठ स्थित राजघाट मियापुर गांव में बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. देखते ही देखते तीन घर इसकी चपेट में आ गये. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी, मोटर पंप एवं अन्य संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. तीनों घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर व महत्वपूर्ण कागजात पूरी तरह जलकर राख हो गये. इतना ही नहीं, आग की चपेट में आकर तीन बकरियों की भी मौत हो गयी, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है.पीड़ित परिवारों के सामने गहराया संकट
इस अग्निकांड में सलमा खातून (पति स्व चीकू आलम), सरबीना बेगम (पति मो सैफुल आलम) व जीतन बेगम (पति समसुल हक) के घर पूरी तरह नष्ट हो गये. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पीड़ितों को ढांढस बंधाया. वार्ड सदस्य प्रतिनिधि बीरबल यादव ने बताया कि इस घटना में तीनों परिवारों को मिलाकर लगभग पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.सरकारी सहायता की मांग
ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट-सर्किट या चूल्हे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जतायी जा रही है. गुरुवार को अंचल कार्यालय व स्थानीय थाना में आवेदन देकर सरकारी सहायता की मांग की गयी है. घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन

लेखक के बारे में
By अवधेश कुमार
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










