कोचाधामन के परियालपुर में विवाहिता का संदिग्ध अवस्था में मिला शव, परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों व जनप्रतिनिधियों से जानकारी लेती पुलिस | Prabhat Khabar Network
किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
किशनगंज जिले के कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत मजगामा पंचायत के परियालपुर गांव में सोमवार सुबह एक विवाहिता का शव उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान शहर के पुराना खगड़ा (वार्ड नंबर 20) निवासी माहरुमा खातून के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पति मो. अहसान समेत ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की.
दहेज और विवाद को लेकर पहले भी हुई थी पंचायती
मृतका की बहन और परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही माहरुमा के साथ ससुराल में लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी. वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सफी अहमद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले एक-दो वर्षों से पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था. अवैध संबंध और दहेज की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी एक-दो बार पंचायती हुई थी, जिसमें पति ने अपनी गलती मानकर माफी भी मांगी थी.
तड़के मिली सूचना, अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
सफी अहमद के अनुसार, सोमवार तड़के पड़ोसियों के माध्यम से परिजनों को घटना की सूचना मिली. मायके वाले जब परियालपुर पहुंचे, तो माहरुमा अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी. आनन-फानन में परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस जांच में जुटी, सदर विधायक ने स्पीडी ट्रायल की उठाई मांग
कोचाधामन थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम ने बताया कि पुलिस परिजनों के लिखित बयान के आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच कर रही है. मौत की वास्तविक वजहों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. घटना की जानकारी मिलते ही सदर विधायक इजहार असफी (कमरूल होदा) ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. विधायक ने कहा कि समाज में दहेज जैसी कुरीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता जरूरी है. उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की त्वरित व निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को 'स्पीडी ट्रायल' चलाकर सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गौरव कुमार
गौरव कुमार प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










