फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पति पर हत्या का आरोप
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के कोल्था पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-2 स्थित अलीनगर धरधरिया गांव में सोमवार की देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी
पहाड़कट्टा.
पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के कोल्था पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-2 स्थित अलीनगर धरधरिया गांव में सोमवार की देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला. मृतका की पहचान भारती देवी (23) वर्ष पति भरत हरिजन के रूप में है. घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार की तड़के सुबह मृतका के मायके गलगलिया थाना क्षेत्र के बेसरबाटी पंचायत स्थित कलिकाडांगा गांव से रोते-बिलखते परिजन धरधरिया गांव पहुंचे और जमकर आक्रोश जताया. मृतका के परिजनों ने पति भरत हरिजन व उसके पिता पोरालाल हरिजन तथा अन्य ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है. मृतका के पिता बिरेशर राय ने बताया कि भारती की शादी बीते पांच वर्ष हुई थी. शादी के बाद से ही पति मारपीट करता था. आयेदिन हो रहे मारपीट को लेकर भारती देवी ने महिला थाना किशनगंज में अपने पति के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था. बाद में समझौता होने के बाद वह पुनः ससुराल में रहने लगी थी. वहीं पति भरत हरिजन ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि इंस्टाग्राम आईडी पर किसी अनजान लड़की का मैसेज देखने के बाद उसकी पत्नी भारती देवी नाराज हो गयी थी. इस कारण सोमवार को दोनों के बीच कहासुनी हुई. देर रात जब नींद खुली तो उसने पत्नी को कमरे में साड़ी के सहारे फंदे से लटकता पाया. जिसे तुरंत नीचे उतारा और स्वजनों को सूचना दी.घटनास्थल पर पहुंची
ईधर घटना की जानकारी मिलते ही छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी शैलेश कुमार पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की शाम शव को परिजनों को सौंप दिया गया. मृतका अपने पीछे दो पुत्रियों को छोड़ गयी है, जिनमें एक की उम्र लगभग तीन वर्ष तथा दूसरी तीन माह की दुधमुंही है. पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम को सूचना दी गयी है, जो घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करेगी. फिलहाल पीड़ित पक्ष से किसी प्रकार का आवेदन नहीं मिला है. आवेदन प्राप्त होने पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. मृतका के पति भरत रजक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










