एलपीजी गैस की किल्लत है अफवाहों : डीएम
Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 21 May 2026 5:59 PM
किशनगंज जिले में रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है
किशनगंज किशनगंज जिले में रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है. जिलाधिकारी विशाल राज ने आम जनता से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है. जिलाधिकारी विशाल राज ने जिले की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा देते हुए बताया कि आज गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, जिले के विभिन्न गैस एजेंसियों के पास कुल मिलाकर 5769 से अधिक एलपीजी गैस सिलेंडरों का बंपर स्टॉक सुरक्षित है. उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था को पूरी तरह एक्टिव कर दिया गया है. अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर काटने या कतारों में खड़े होने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है. लोग अपने घर बैठे ही ऑनलाइन या मोबाइल बुकिंग कर सकते हैं, जिसके बाद पूर्व की भांति दो से तीन दिनों के भीतर उनके घर पर सिलेंडर पहुंचा दिया जाएगा. गैस सिलेंडरों के न्यायसंगत वितरण और अनावश्यक होर्डिंग को रोकने के लिए प्रशासन ने पुनः बुकिंग के लिए एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित की है: शहरी क्षेत्र: शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता एक सिलेंडर लेने के 25 दिनों के उपरांत ही दूसरा सिलेंडर बुक करा सकेंगे. ग्रामीण क्षेत्र: ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए दोबारा बुकिंग की समय-सीमा 45 दिनों के बाद तय की गई है. रसोई गैस की अवैध रीफिलिंग, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट के खिलाफ जिला प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है. डीएम ने बताया कि इसके लिए विशेष ‘धावा दल’ का गठन किया गया है, जो लगातार संदिग्ध ठिकानों पर पैनी नजर रख रहा है. इसी कड़ी में जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में अब तक कुल 06 सघन छापेमारी अभियान चलाए गए हैं. जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी गैस एजेंसी या बिचौलिए द्वारा ओवररेटिंग या कृत्रिम किल्लत पैदा करने की शिकायत मिलती है, तो उनके खिलाफ सीधे प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आम जनता की समस्याओं, गैस रिफिलिंग में आ रही दिक्कतों और शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए समाहारणालय परिसर में एक विशेष कंट्रोल रूम (नियंत्रण कक्ष) स्थापित किया गया है. यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन दो पालियों में सुबह 07:00 बजे से लेकर रात्रि 09:00 बजे तक लगातार कार्य कर रहा है. आम नागरिक किसी भी शिकायत के लिए 06456-225152 पर सीधे संपर्क कर सकते हैं. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को कंट्रोल रूम में एलपीजी गैस से संबंधित कुल 02 शिकायतें दर्ज कराई गई थीं, जिनका ऑन-स्पॉट त्वरित निष्पादन कर उपभोक्ताओं को राहत पहुंचाई गई. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से पैनिक न होने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि जरूरत के मुताबिक गैस का बैकलॉग पूरी तरह समाप्त कर लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










