कटिहार रेलखंड में मेगा NI ब्लॉक, 26 ट्रेनें रद्द, 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला रूट
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 15 Jun 2026 10:59 AM
ठाकुरगंज स्टेशन
Kishanganj News : रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर. कटिहार-सनोली दोहरीकरण कार्य के कारण 26 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, जबकि 16 महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है. यात्रा से पहले जरूर जांच लें अपनी ट्रेन का स्टेटस.
ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट.
Kishanganj News : कटिहार रेल मंडल के अंतर्गत कटिहार-मनियान-कुरेठा-डंडखोरा-सनोली रेलखंड पर दोहरीकरण परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए रेलवे ने 16 से 19 जून तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग (Pre-NI) और नॉन इंटरलॉकिंग (NI) कार्य करने का निर्णय लिया है. इस दौरान 26 ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि 16 महत्वपूर्ण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है. रेलवे द्वारा दूसरी बार एनआई ब्लॉक लिया जा रहा है, जिससे सीमांचल क्षेत्र के रेल यात्रियों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.
दोहरीकरण परियोजना को अंतिम रूप देने की तैयारी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार कटिहार, मनियान, कुरेठा, डंडखोरा और सनोली स्टेशनों के बीच नई सिग्नलिंग एवं इंटरलॉकिंग प्रणाली को चालू करने के लिए यह विशेष ब्लॉक लिया गया है. परियोजना पूरी होने के बाद कटिहार-सनोली और कटिहार-कुरेठा रेलखंड की परिचालन क्षमता बढ़ेगी तथा ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और समयबद्ध हो सकेगा.
26 ट्रेनों पर लगा ब्रेक
ब्लॉक अवधि के दौरान कटिहार-मालदा टाउन पैसेंजर, कटिहार-राधिकापुर पैसेंजर, कटिहार-जोगबनी पैसेंजर, कटिहार-सिलीगुड़ी पैसेंजर, विभिन्न डीएमयू सेवाओं और इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कुल 26 ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी. इससे दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को विशेष परेशानी होने की आशंका है.
16 महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला मार्ग
रेलवे ने 14 से 19 जून के बीच 16 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग भी परिवर्तित किया है. इनमें रोहतक-कामाख्या एक्सप्रेस, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, पनवेल-न्यू अलीपुरद्वार एक्सप्रेस, गोमतीनगर-कामाख्या एक्सप्रेस, देवघर-अगरतला एक्सप्रेस, गुवाहाटी-जम्मूतवी एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस, सियालदह-सहरसा एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं.
इन ट्रेनों को निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा.
पूर्णिया-ठाकुरगंज रेलखंड पर बढ़ेगा दबाव
मार्ग परिवर्तन के कारण अधिकांश ट्रेनें कटिहार-पूर्णिया-अररिया कोर्ट-ठाकुरगंज-सिलीगुड़ी जंक्शन रेलखंड से होकर गुजरेंगी. इससे इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ेगी और यात्रियों को समय में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है.
यात्रा से पहले जरूर करें स्टेटस चेक
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, समय और मार्ग की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139, एनटीईएस ऐप या निकटतम रेलवे पूछताछ केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें.
रेलवे का कहना है कि दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद सीमांचल क्षेत्र में रेल परिचालन अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा तथा भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी खुलेगा.
इसे भी पढ़ें: ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










